रतलाम में दो युवकों की बेरहमी से पिटाई की गई।
- फोटो : Amar Ujala
मध्य प्रदेश के रतलाम से एक ऐसी खबर सामने आई है जिसे सुनकर आप चौंक पड़ेंगे। दो युवकों की बेरहमी से पिटाई की गई। उनके हाथ पैर रस्सी से बांध दिए और दोनों को बिजली के पोल से बांधकर पीटा। कारण सिर्फ इतना कि दोनों ने बकरा चुराया था।
दरअसल रतलाम के ताल थाना क्षेत्र में सेमलिया बामनखेड़ी रोड की यह घटना है। शुक्रवार को यह सब हुआ जिसके वीडियो अब सामने आए हैं। गांव के धन सिंह नामक व्यक्ति का बकरा चुराकर शहजाद और आमीन नामक युवक भाग रहे थे। इसी बीच गांववालों को पता चला तो दोनों युवकों को पकड़ लिया। भारी भीड़ लग गई और बजाय पुलिस के पास जाने के लोगों ने मौके पर ही आरोपियों को सजा सुना दी। दोनों को पीटना शुरू कर दिया। भीड़ ने उनके हाथ पैर रस्सी से बांधे और बिजली के पोल से बांधकर पिटाई की। दोनों युवक हाथ जोडक़र बचने की गुहार लगाते रहे लेकिन भीड़ पीटती रही।
पुलिस ने छुड़वाया युवकों को
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों युवकों को भीड़ से बचाया और हाथ पैर खुलवाए। दोनों को थाने लेकर पहुंची। यहां दोनों के खिलाफ बकरा चोरी का केस दर्ज किया। इधर भीड़ द्वारा पिटाई किए जाने के वीडियो वायरल होने के मामले में पुलिस का कहना है कि इसकी जांच कर रहे हैं। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।