मध्यप्रदेश के छतरपुर में दुष्कर्म की सजा सुनते ही आरोपी ने खुद को धारदार हथियार से घायल कर लिया। अधिक खून बह जाने के कारण उसकी हालत गंभीर है। उसको मेडिकल कॉलेज स्थानांतरित कर दिया गया है।
दरअसल, छतरपुर न्यायालय में मंगलवार को दुष्कर्म के मामले में 10 साल की सजा सुनते ही आरोपी ने खुद ही धारदार हथियार से अपना गला रेत लिया। जिसके बाद उसे मेडिकल कॉलेज स्थानांतरित किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
सागर जिले के बीना का रहने वाला ओमकार अहिरवार (33) बीना रिफायनरी में कार्य करता है। तीन वर्ष पहले फेसबुक के माध्यम से ओमकार की दोस्ती छतरपुर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में रहकर पढ़ाई करने वाली अजयगढ़ पन्ना की एक युवती से हुई। दोनों को एक-दूसरे से प्रेम हो गया।
2016 में युवती ने सिविल लाइन थाने में युवक के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज कराया। मामले की सुनवाई ढ़ाई साल तक अदालत में चलती रही जिसके बाद मंगलवार को चतुर्थ अपर सत्र न्यायाधीश नोरिन निगम की अदालत ने आरोपी ओमकार को इस मामले में सजा सुनाई।
सजा सुनते ही कठघरे में खड़े ओमकार ने अपने साथ लाए धारदार चाकू से अपनी गर्दन पर तीन-चार बार हमला कर खुद को गंभीर रूप से घायल कर लिया।
आरोपी के पिता कहना है कि मेरे बेटे पर मामला दर्ज होने के बाद न तो पुलिस द्वारा उसका मेडिकल परीक्षण करवाया गया और न ही पीड़िता के पड़ोसियों ने मेरे बेटे के खिलाफ बयान दिया है। उन्होंने कहा कि इसके बाद भी मेरे बेटे को न्यायालय ने 10 साल की सजा सुनाई है। इस बात से दुखी होकर मेरे बेटे ने अपनी गर्दन पर चाकू से हमला कर अपनी जान लेने की कोशिश की।