मध्यप्रदेश में किसानों की समस्या और खराब फसल को देखते हुए, सरकार ने राज्य के 13 जिलों को सूखाग्रस्त घोषित कर दिया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधवार को इस बात की घोषणा राजधानी भोपाल में की। इस लिस्ट में सीधी, विदिशा, इंदौर, पन्ना, सागर, सतना, शिवपुरी, टीकमगढ़, भिंड, अशोकनगर, दमोह, छतरपुर और ग्वालियर शामिल हैं।
कृषि विभाग के मुख्य सचिव राजेश राजोरा ने बताया कि राज्य सरकार पांच से छह केंद्रीय एजेंसियों से डाटा इकट्ठा कर रही है। जिसके बाद अगली बैठक में सूखाग्रस्त इलाकों की लिस्ट पर चर्चा की जाएगी। उन्होंने बताया कि हम 30 अक्तूबर तक सूखाग्रस्त इलाकों की जानकारी केंद्र सरकार को भेज देंगे।
इन 13 जिलों के अलावा, सूखे की समस्या से जूझ रहे 12 अन्य तहसीलों को भी सूखाग्रस्त घोषित किया गया है। गौरतलब है कि राज्य सरकार इस साल हुई कम बारिश के कारण चिंतित है। पिछले महीने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कृषि कैबिनेट बैठक बुलाई थी।
पढ़ें: मध्यप्रदेश सरकार की नई योजना- विधवा महिला से शादी पर मिलेंगे दो लाख रुपये
जिसमें उन्होंने अधिकारियों को कम बारिश वाले इलाकों के लिए इमरजेंसी स्कीम तैयार करने को कहा था। बैठक के दौरान चौहान ने जोर देकर कहा कि सिंचाई और पीने के लिए पानी की आवश्यकता का मूल्यांकन करने के बाद जल संग्रहण के लिए उचित व्यवस्था की जानी चाहिए।