मध्यप्रदेश के रतलाम जिले के जावरा के एक व्यापारी की बेटी के साथ दुष्कर्म व ब्लैकमेलिंग का हैरान करने वाला मामला सामने आया है। आरोपी ने युवती से दोस्ती गांठी और फिर दुष्कर्म किया। इसी दौरान उसने युवती के आपत्तिजनक फोटो ले लिए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर दो साल में 1.35 करोड़ रुपये नकद, साढ़े तीन किलो सोना और 15 किलो चांदी हड़प ली।
जावरा की 25 साल की पीड़िता ने पुलिस को बताया कि वह एमबीए की पढ़ाई के लिए इंदौर गई थी। इंदौर में उसकी निशित बाफना नाम के शख्स से दोस्ती हो गई। इसके बाद निशित ने उससे दुष्कर्म किया। फिर मार्च 2019 में निशित ने उसे घर में अकेला पाकर आपत्तिजनक फोटो ले लिए। वह इसके बाद लगातार उसे ब्लैकमेल करता रहा।
बदनामी के डर से देती रही
युवती ने बताया कि उसने बदनामी के डर से अपने जावरा स्थित घर की तिजोरी में रखे रुपये और आभूषण आरोपी को देना शुरू कर दिए। नकद रुपये और आभूषण निशित व उसके दोस्तों ने मिलकर हड़पे। आरोपियों ने युवती से फोन-पे से तथा अन्य माध्यम से एक्सिस बैंक और सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की शाखाओं में लाखों रुपये जमा भी करवाए।
जावरा पुलिस ने पीड़िता के आवेदन पर आरोपी और उसके साथियों के खिलाफ भादंवि की धारा 376, 450, 385 व 506 के तहत केस दर्ज कर लिया है। मामले की छानबीन कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।