मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2018 में आरोप-प्रत्यारोप से सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संविदाकर्मियों को नियमित करने के एलान पर निशाना साधा है। कमलनाथ ने कहा है कि शिवराज जी अब घोषणा का समय गया।
कमलनाथ ने शिवराज के गुरुवार को दिए बयान पर तंज कसा है।
कमलनाथ ने ट्वीट कर लिखा, "प्रदेश के जिन संविदा कर्मियों की मांगों को पूरे पांच वर्ष भुला दिया। जो निरंतर संघर्ष करते रहे, जिनको न्याय के बदले लाठियां मिली, निष्कासन मिला। जिनको अपने घोषणा पत्र में भी भुला दिया। अब चुनाव के 5 दिन पूर्व उनसे झूठा वादा। शिवराज जी अब घोषणा का समय गया।"
बता दें कि प्रदेश में लाखों की संख्या में आंदोलनरत संविदाकर्मियों ने आगामी चुनाव में कांग्रेस को समर्थन का एलान किया है। आंदोलनरत संविदा कर्मचारियों ने गुरूवार (22 नवंबर) को कमलनाथ से उनके बंगले में मुलाकात की थी। जिसके बाद कमलनाथ ने उन्हें प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर नियमित करने का आश्वासन दिया था।
इसके बाद शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को एक चुनावी सभा में संविदाकर्मियों को लेकर बयान दिया कि 'जो मांगेगा वो मिलेगा'। इस सभा में शिवराज ने संविदाकर्मियों को नियमित करने का भरोसा दिया।
अब कमलनाथ ने शिवराज पर निशाना साधा है और कहा कि संविदाकर्मी अब सरकार के झूठे वादे पर विश्वास नहीं करेंगे।