यादव ने कहा, 'देश में भाजपा सत्ता में है इसके लिए कांग्रेस ही जिम्मेदार है'। उन्होंने कहा कि कांग्रेस, सपा, बसपा और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का गठबंधन होता तो हम मध्यप्रदेश में मिलकर 200 से ज्यादा सीटों पर जीत सकते थे।
अखिलेश ने कहा कि मध्यप्रदेश में सपा ने एक बार आठ सीटें जीती थीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि समय के साथ यह आंकड़ा और मजबूत होगा व पार्टी राष्ट्रीय स्तर पर अपना आधार मजबूत करेगी।
सपा मुखिया ने अपने घोषणा पत्र में कृषि ऋण में पूर्ण छूट, किसानों के लिए पांच हजार करोड़ रुपये का फंड, स्मार्ट गांव, डायल 100 सेवा का आधुनिकीकरण व ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बनवाने का वादा किया। मध्यप्रदेश में सपा 55 सीटों पर प्रत्याशी उतार रही है।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि कांग्रेस को बड़ी पार्टी होने का घमंड है। उन्होंने संकेत दिया कि वर्ष 2019 के आम लोकसभा चुनावों में सपा का कांग्रेस के साथ कोई गठबंधन नहीं होने जा रहा है। मध्य प्रदेश में एक न्यूज चैनल से बातचीत में उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेताओं को लगता है कि उनकी पार्टी बड़ी है, हम कुछ भी नहीं। इससे कम से कम अलग पार्टी बनाने का मौका तो मिला। अखिलेश ने कहा कि देश में तीसरे मोर्चे की जरूरत है। बीजेपी को कोई पार्टी नहीं हराएगी, बल्कि जनता हराएगी।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर हमला बोलते हुए सपा मुखिया ने कहा कि उत्तर प्रदेश में हमारे पास एक पुजारी मुख्यमंत्री हैं जो बंदरों को दूर रखने के लिए हनुमान चालीसा का पाठ करने की सलाह देते हैं और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए अंधाधुंध एनकाउंटर करने के आदेश देते हैं।
यादव ने कहा, 'उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो चुकी है और हमारे मुख्यमंत्री मध्यप्रदेश में चुनावी रैली में झपकी ले रहे थे।