सतना में गायों को पीट-पीटकर नदी में कूदने के लिए मजबूर किया गया।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के सतना से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आ रहा है। कुछ लोग उफनती नदी में मवेशियों को धकेलते नजर आ रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो पर हिंदू संगठनों ने आपत्ति दर्ज कराई है। प्रशासन ने पुलिस ने पांच नामजद सहित अन्य लोगों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया है।
जानकारी के अनुसार मामला सतना जिले के ताला थाना क्षेत्र के बिदुरी गांव का बताया जा रहा है। यहां बीहर नदी का पानी एक रपटे के ऊपर से बह रहा है। कुछ गायें और बछड़े इसे पार कर रह थे। तभी रपटे के दोनों ओर से कुछ लोग लाठियां लेकर पहुंच गए और मवेशियों पर दोनों तरफ से हमला कर दिया। बेरहमी से पीटने लगे। मवेशी बचने के खातिर नदी में जा गिरे। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ मवेशी इधर-उधर से नदी से निकलने की कोशिश कर रहे थे तो आरोपी लाठियां लेकर वहां भी पहुंच गए। उन्हें पानी से बाहर नहीं निकलने दे रहे थे।
किसी ने घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। इसके बाद हिंदू संगठन के लोगों ने आपत्ति जताई। इन्होंने गायों को पीटने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा कर दिया। वायरल वीडियो के बाद स्थानीय प्रशासन भी हरकत में आया। पुलिस ने पांच नामजद सहित अन्य लोगों पर पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मामला पंजीबद्ध किया है। जिन लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है, उनमें लाल भाई पटेल, रामपाल पटेल निवासी विधुई, सुनील पांडे, लल्लू पांडे, रामदयाल पांडे निवासी घुइसा सहित अन्य लोग शामिल हैं।