मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोशल मीडिया पर किए अपने एक पोस्ट को लेकर विवादों में फंस गए हैं। दरअसल, सीएम शिवराज ने 22 नवंबर को एक कविता ट्वीट की थी, जिसे उन्होंने अपनी पत्नी साधना सिंह द्वारा लिखा बताया था। अब एक लड़की ने उस कविता पर अपना दावा किया है। साथ ही, शिवराज पर कविता चोरी करने का आरोप लगा दिया। अब इस मसले पर राजनीति भी शुरू हो गई है और कांग्रेस ने शिवराज को घेरना शुरू कर दिया है।
यह है पूरा मामला
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री शिवराज ने करीब आठ दिन पहले अपने ट्विटर अकाउंट पर एक कविता शेयर की थी। उन्होंने बताया था कि यह कविता उनकी पत्नी ने अपने पिता के लिए लिखी थी। बता दें कि 18 नवंबर को शिवराज के ससुर घनश्यामदास मसानी का देहांत हो गया था। इसके 4 दिन बाद मुख्यमंत्री ने यह कविता शेयर की थी।
एक यूजर ने किया यह दावा
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के पोस्ट के आठ दिन बाद 30 नवंबर को एक यूजर भूमिका बिरथरे ने कविता पर अपना दावा किया। भूमिका का दावा है कि शिवराज द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई कविता उनकी है, जिसके शब्दों में हेर-फेर किया गया है। भूमिका ने लिखा कि मैं आपकी भांजी हूं। आपको मेरी कविता चुराकर क्या मिलेगा? ये कविता मेरे द्वारा लिखी गई है। उम्मीद है आप मेरे अधिकारों का हनन नहीं करेंगे। मामा तो अधिकारों की रक्षा के लिए होते हैं।
कांग्रेस ने शिवराज को घेरा
बता दें कि अब इस मसले पर राजनीति भी शुरू हो गई है। कांग्रेस ने शिवराज को घेरते हुए कहा कि भाजपा नाम बदलने में माहिर है। कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने लिखा कि भाजपा नाम बदलने में माहिर है। यह बात एक बार फिर उजागर हो गई। पहले कांग्रेस की योजनाओं के नाम बदलते थे, फिर शहरों के नाम बदलने लगे और अब तो मुख्यमंत्री शिवराज सिंह जी दूसरों की लिखी हुई कविताओं को भी अपनी धर्मपत्नी की लिखी हुई कविता बताने लगे हैं।
वाह शिवराज जी वाह।