मध्य प्रदेश में 28 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। अमर उजाला आपको बता रहा है राज्य के जमीनी हालात और उन विषयों के बारे में जो इस बार चुनावी मुद्दे हैं। इसी के मद्देनजर अमर उजाला का चुनाव रथ पहुंचा कटनी। संवाददाता वैभव कुमार ने आम जनता से बात करके यहां का मूड जानने की कोशिश की।
उन्होंने जाना कि आखिर जनता क्या चाहती है? उनके चुने हुए नेता उनकी उम्मीदों पर कितने खरे उतरे हैं? साथ ही यह भी जाना कि जनता के मन में क्या है। टी वैली प्रायोजित अमर उजाला के खास लाइव कार्यक्रम सत्ता के सेमीफाइनल में जानिए कि कटनी की जनता क्या कहा। इ, बहस में शामिल हुए कांग्रेस की ओर से मनोज गुप्ता, आप उम्मीदवार सुनील मिश्रा और भाजपा के स्थानीय कार्यकर्ता।
मनोज गुप्ता ने कहा कि यहां नगर निगम भारी लापरवाही करता है। कांग्रेस के समय में सभी विकास हुए। भाजपा सरकार में टैक्स बढ़े, महंगाई बढ़ी और मौतें हुईं। भाजपा शासन में यही विकास हुआ है। करोड़ों की योजना कागजों पर ही चल रही है। पार्षद से लेकर पीएम तक भाजपा के हैं, पर विकास नहीं हुआ। नगर निगम में सिर्फ कमीशनबाजी का खेल चल रहा है।
आप उम्मीदवार सुनील मिश्रा ने कहा कि कटनी की जनता कांग्रेस-भाजपा को नकार चुकी है। हमने छोटी-छोटी चीजों को लेकर आंदोलन किया है, भूख हड़ताल की, कटनी जेल तक यात्रा की। सत्ता में आए तो शिक्षा, स्वास्थ्य और मूलभूत सुविधायों पर काम करेंगे। हम 90 दिनों में काम करके दिखाएंगे।
भाजपा समर्थकों ने कहा कि भाजपा सरकार लगातार विकास के काम कर रही है। किसानों के लिए सरकार ने बहुत काम किया है। आज गांव गांव में पेयजल व्यवस्था है। कुछ पंचायतों में कांग्रेस के लोग बैठे हैं वो लोग रोड़ा अटकाते हैं। जहां तक पलायन की बात है तो भारत में सबको आजादी है कि वो काम के लिए कहां जाए या न जाए।
जनता के तीखे सवाल
वहीं जनता ने नेताओं से तीखे सवाल पूछे। लोगों ने कहा- आज अखबार में छपा है कि किसानों की स्थिति खराब है। इनकी सरकार सो रही है। भाजपा के मंत्री हैं, विधायक हैं और महापौर भी। पर काम क्यों रुके हुए हैं, रिवर रोड पुल नहीं बना, बेसिक चीजें नहीं हैं। तीन लोगों की मौत हो चुकी है। कांग्रेस के समय पुल की हालत खराब थी इसलिए भाजपा को चुना था, लेकिन आज भी कई मुद्दों पर प्रश्नचिह्न लगा हुआ है। नेता बताएं कि कटनी में कितना विकास हुआ और कितना विनाश। कौन से उद्योग धंघे लगे, एक नागनाथ है तो दूसरा सांपनाथ।
संदीप दुबे ने कहा कि कांग्रेस सरकार में घिनौची पुल पर लोग बह गए। वहीं, एके खान ने कहा कि मैं दोनों पार्टियों से पूछना चाहता हूं कि जब भी विकास की बात आती है तो वो जवाब क्यों नहीं देते। क्या हुआ किसानों, मजदूरों का। कटनी के हजारों मजदूर दिल्ली गुजरात में पड़े हुए हैं। व्यंकटेश मिश्रा ने कहा कि यहां तकनीकी कारणों से पुल नहीं बन सका, डिजायन चेंज होता रहा, जनता का पैसा बर्बाद हुआ।