मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर नेताओं का प्रचार चरम पर है और आरोप प्रत्यारोप का दौर जारी है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रमुख राज बब्बर ने अयोध्या में भगवान राम के मंदिर निर्माण के मुद्दे को लेकर भाजपा की नीयत पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि चुनाव आते ही भाजपा इसके नाम पर मतदाताओं को ठगने की कोशिश शुरू कर देती है। अभिनय से राजनीति में आए बब्बर ने इंदौर संवाददाताओं से कहा कि भाजपा ने भगवान राम को कभी आस्था की नजर से नहीं देखा। जब भी कहीं चुनाव होते हैं, भाजपा राम नाम का कटोरा लेकर घूमना शुरू कर देती है।
राज बब्बर ने कहा कि राम मंदिर मुद्दे पर भाजपा की ठगी की कोशिशों को मतदाताओं ने पहचान लिया है। भाजपा कहती है-मंदिर हम बनायेंगे, लेकिन तारीख नहीं बतायेंगे। लोग समझ चुके हैं कि उनके (भाजपा नेताओं के) मुंह में राम और बगल में छुरी है।
बब्बर ने एक सवाल पर कहा कि कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण का न तो कभी विरोध किया है, न ही आगे करेगी। उन्होंने कहा कि सब लोग चाहते हैं कि भगवान राम का मंदिर बने। मुझे तो लगता है कि अब मुसलमान भी चाह रहे हैं कि यह मंदिर बने। लेकिन चूंकि संबंधित मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में लंबित है। इसलिए शीर्ष अदालत ही फैसला करेगी कि यह मंदिर कहां बनेगा।
मध्यप्रदेश में 28 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर सत्तारूढ़ भाजपा की आयोजित हालिया सभाओं में उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर तीखे हमले किये थे। इसपर पलटवार करते हुए बब्बर ने कहा कि जो व्यक्ति मंदिर छोड़कर राजनीति में चला आया है, उसके बारे में भला क्या कहा जाए। आदित्यनाथ से पूछा जाना चाहिए कि क्या वह अपने गेरुआ वस्त्रों की गरिमा को निभा रहे हैं?
अक्सर बागी तेवर दिखाने वाले भाजपा नेता शत्रुघ्न सिन्हा की मौजूदा सियासी स्थिति को लेकर किए गए सवाल पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा ने सिन्हा के सम्मान को ठेस पहुंचाई है। भाजपा के अंदर मौजूद छद्म नेता उन्हें बर्दाश्त नहीं कर पा रहे हैं।