मध्यप्रदेश में आज 230 विधानसभा सीटों के लिए मतदान अंतिम चरण में है। नक्सल प्रभावित बालाघाट की तीन सीटों पर मतदान 3 बजे ही खत्म हो चुका था। बैहर, लांजी और परसवाड़ा सीट में मतदान का समय सुबह सात से दोपहर तीन बजे तक ही था। बाकी 227 सीटों के लिए सुबह आठ से शाम पांच बजे तक मतदान हुआ। राज्य में सीएम शिवराज सिंह चौहान समेत कुल 2907 उम्मीदवार मैदान में हैं। शांतिपूर्ण मतदान के लिए कुल 1.80 लाख सुरक्षाकर्मियों ने जिम्मेदारी संभाली।
मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वी एल कांता राव ने बताया कि राज्य विधानसभा चुनाव में छह बजे तक 74.61 प्रतिशत मतदान हुआ। शाम पांच बजे मतदान का समय खत्म हुआ लेकिन लाइन में लगे लोग वोटिंग कर रहे थे। नक्सल प्रभावित बालाघाट के लांजी में 79 फीसदी, परसवाड़ा में 80.05, बैहर में 80 फीसदी वोटिंग हुई।
-883 ईवीएम बदले गए, 881 कंट्रोल यूनिट बदले गए।
-2126 वीवीपैट बदले गए।
-6 बजे तक 74.62 फीसदी वोटिंग हुई।
-तीन फीसदी मशीनें बदली गईं।
-अभी और बढ़ेगा मतदान प्रतिशत।
-तीन जगहों पर पोलिंग कर्मचारियों की मृत्यु हुई।
-कहीं भी बूथ कब्जे की घटना नहीं हुई।
5 बजे तक की वोटिंग
शहडोल-69%
शाजापुर- 75%
रायसेन - 66%
सतना - 61%
भोपाल- 58%
होशंगाबाद - 70%
इंदौर - 63.7%
खंडवा - 64%
बालाघाट- 75%
बुरहानपुर- 66%
बैतूल- 69%
गुना-65%
उज्जैन - 69%
उमरिया- 65%
आगर-मालवा- 78%
रीवा-62%
पन्ना- 57%
-शाम साढ़े 5 बजे तक 69 फीसदी वोटिंग।
-शाम पांच बजे तक 62 फीसदी मतदान। मतदान का समय हुआ खत्म, परिसर में मौजूद मतदाता ही वोट डाल सकेंगे।
- मध्यप्रदेश में शाम 4.30 बजे तक 58 फीसदी मतदान हुआ।
- चुनाव आयोग के मुताबिक मध्यप्रदेश में 4 बजे तक 53.50 फीसदी मतदान हुआ।
- मध्यप्रदेश में दोपहर 3.15 बजे तक 50.14 फीसदी मतदान हुआ।
- मध्यप्रदेश में बालाघाट की तीन विधानसभा सीटों बैहर, लांजी और परसवाड़ा में 3 बजे मतदान खत्म हो गया। बता दें नक्सल प्रभावित इलाके होने की वजह से यहां सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया था।
- मध्यप्रदेश में ईवीएम मशीनें खराब होने की घटनाओं पर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ओ पी रावत ने कहा, "कुछ ईवीएम और वीवीपीएटी मशीनों के खराब होने की कुछ शिकायतें आई हैं, उन्हें बदल दिया गया है। यदि यह पाया गया कि मशीन में आई खराबी के कारण मतदाता वापस लौट गए हैं, तो हम उन विशेष मतदान केंद्र पर फिर से मतदान कराने पर विचार कर सकते हैं।
- चुनाव आयोग के मुताबिक मध्यप्रदेश में दोपहर 1.30 बजे तक 33 फीसदी मतदान हुआ।
- मध्यप्रदेश में दोपहर एक बजे तक 26.5 फीसदी मतदान हुआ।
- मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने प्रदेश में जिन मतदान केंद्रों में ईवीएम मशीन में खराबी आई है, वहां गुरुवार को दोबारा मतदान कराने की मांग की है।
- कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि ईवीएम मशीन खराब होने की कई शिकायतें मिली हैं। हमने चुनाव आयोग को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि इन मतदान केंद्रों में मतदान में हुई देरी की भरापाई के लिए मतदान का समय बढ़ाया जाना चाहिए।
- मध्यप्रदेश में दोपहर 12 बजे तक 22.19 फीसदी मतदान हुआ।
- भिंड में मतदान केंद्र के बाहर गोलीबारी हुई है। यह वारदात लहार विधानसभा के मछन्द गांव में हुई। उपद्रवियों ने बूथ पर कब्जा किया और ईवीएम मशीन तोड़ी। वहां मौजूद पुलिस ने उपद्रवियों को खदेड़ दिया है।
- सतना में जिला निर्वाचन कार्यालय ने बताया कि ईवीएम मशीन में खराबी की वजह से 23 मतदान केंद्रों में मतदान रुका।
- मध्यप्रदेश में सुबह 11.30 बजे तक 18 फीसदी मतदान।
- इंदौर में भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय रथ में बैठकर मतदान करने जा रहे।
- 10 बजे तक इंदौर में सबसे ज्यादा 26 फीसदी मतदान की खबर है।
- चुनाव आयोग ने चुनाव में कार्यरत चुनाव कर्मियों की मौत पर आश्रितों को 10 लाख रुपये मुआवजे का एलान किया।
- इंदौर में चुनाव करा रहे दो चुनाव अधिकारियों की दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत, वहीं गुना में एक अधिकारी की मौत की खबर।
- मालवा के अागर में 101 वर्षीय महिला ने मतदान केंद्र में वोट डाला।
- मध्यप्रदेश चुनाव में मतदान की धीमी शुरुआत हुई है। सुबह 9 बजे तक सिर्फ 4 फीसदी मतदान हुआ है।
- गुना में बमोरी के परांठ मतदान केंद्र पर चुनाव करा रहे एक चुनाव अधिकारी सोहनलाल बाथम की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि वह मतदाताओं को कतार में लगवा रहे थे तभी उन्हें दौरा आया और उनकी मौत हो गई।
- मध्यप्रदेश में कई स्थानों पर आदर्श मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। सारंगपुर में आदर्श एवं पिंक मतदान केंद्र संख्या 95 में मतदाताओं के स्वागत की भव्य तैयारी की गई थी। यहां मतदाताओं को आने पर माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। मतदाताओं के लिए कुर्सियों का इंतजाम किया गया जहां बैठकर वे अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं।
- भोपाल में के सेंट मैरी में एक मतदान केंद्र से पुलिस ने भाजपा के मतदान एजेंटों से चुनाव प्रचार सामग्री जब्त की। भाजपा के मतदान एजेंट मतदान केंद्र से महज 200 मीटर की दूरी में मौजूद थे। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया।
- डबरा के पोलिंग बूथ नंबर 178 का ईवीएम दोबारा चालू हुआ।
- भिण्ड के लहार विधानसभा सीट में भाजपा प्रत्याशी रसाल सिंह और कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. गोविंद सिंह को लहार सर्किट हाउस में बिठाया गया। साथ ही अटेर विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी डॉ अरविंद सिंह भदौरिया और कांग्रेस प्रत्याशी हेमंत कटारे के साथ ही निर्दलीय राजीव सिंह भदौरिया भी भिण्ड सर्किट हाउस में मीटिंग के नाम पर बैठाए गए।
- उज्जैन में दो ईवीएम मशीनें खराब हुईं थी। चुनाव अधिकारियों ने खराब मशीनों को बदला। अलीराजपुर में कुल 11 वीवीपैट मशीनें खराब हुई थीं जिसे बदला गया। बुरहानपुर में खराब 5 वीवीपैट और 2 ईवीएम मशीनें बदली गईं, मतदान दोबारा शुरू।
- कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मतदाताओं से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की।
- भोपाल में पहली बार अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे वोटरों ने एक मतदान केंद्र में वोट डाला।
- इंदौर के कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम बंद। भोपाल के चार इमली में भी ईवीएम खराब।
- शहडोल में ईवीएम मशीन में आई खराबी, कई मतदान केंद्रों में शुरू नहीं हो पा रहा मतदान, जैतपुर विधानसभा क्षेत्र के पोलिंग बूथ सबसे ज्यादा प्रभावित।
- राज्य सरकार में मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने शिवपुरी के मतदान केंद्र में अपना वोट डाला। वे कांग्रेस प्रत्याशी सिद्धार्थ लाडा के खिलाफ चुनाव मैदान में हैं।
- छिंदवाड़ा में वोट कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने वोट डाला।
- ग्वालियर जिले के डाबरा में पोलिंग बूथ संख्या 178 में ईवीएम मशीन हुई खराब, मतदान रूका।
- प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा कि आज मध्य प्रदेश में मतदान का दिन है। प्रदेश के सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे पूरे उत्साह के साथ लोकतंत्र के महापर्व में भाग लें और भारी संख्या में मतदान करें।
- कांग्रेस नेता कमलनाथ ने छिंदवाड़ा के हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। कमलनाथ ने भाजपा पर वार करते हुए कहा कि मेरा विश्वास मध्यप्रदेश के लोगों के साथ है। वे सीधे सादे लोग हैं जिन्हें भाजपा द्वारा लंबे समय तक लूटा गया।
- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुधनी में नर्मदा नदी के तट पर परिवार के साथ पूजा-अर्चना की और इसके बाद अपना वोट डाला।