मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में सियासी सरगर्मी तेज है, नेताओं का प्रचार और जोड़ पकड़ रहा है। यहां 28 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। अमर उजाला डॉट कॉम आपको बता रहा है राज्य के जमीनी हालात और उन विषयों के बारे में जो इस बार चुनावी मुद्दे हैं। इसी के मद्देनजर अमर उजाला का चुनाव रथ पहुंचा बुदनी। संवाददाता वैभव कुमार ने लोगों से बात कर यहां हालात का जायजा लिया।
बुदनी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का निर्वाचन क्षेत्र है।
उन्होंने जानने की कोशिश की कि आखिर यहां की जनता क्या चाहती है? उनके चुने हुए नेता उनकी उम्मीदों पर कितने खरे उतरे हैं? साथ ही यह भी जाना कि जनता के मन में क्या है। टी वैली प्रायोजित अमर उजाला के खास लाइव कार्यक्रम सत्ता के सेमीफाइनल में जानिए कि बुदनी में क्या हैं जमीनी हालात।
बुदनी में एक दुकानदार ने कहा पीने के पानी या सिंचाई की कोई समस्या नहीं है। एक अन्य दुकानदार ने कहा, "मुख्यमंत्री ने विकास के बहुत से कार्य किए हैं। सिंचाई का 90 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। मुख्यमंत्री के कार्यकाल में सिंचाई की 10 योजनाएं शुरू की है। 24 घंटे बिजली मिल रही है। किसानों को 10 घंटे बिजली उपलब्ध है।"
दुकान में काम करने वाले एक शख्स ने कहा कि मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए बहुत कुछ किया है। 24 घंटे बिजली, पानी की व्यवस्था की है। मकान भी दिए हैं।
एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि सरकार तो शिवराज ही बनाएंगे भले ही सीटों को लेकर कुछ फेरबदल हो। इस फेरबदल की वजह बताते हुए वो कहते हैं कि शासन में कुछ कमी है जो उनकी भी दिखती है और कुछ मजबूरी है।