आजादी के अमृत महोत्सव के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित हो रही हैं। देशभर में आयोजन हो रहे हैं। इस कड़ी में इंदौर में 5 मई को आयोजन होगा और 101 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया जाएगा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व सांसद शंकर लालवानी बतौर अतिथि उपस्थित रहेंगे। सभी धर्मों के प्रमुख भी मौजूद रहेंगे।
जानकारी के मुताबिक 5 मई को शाम 5.50 बजे आयोजन होगा। जंजीरवाला चौराहे के पास स्थित अस्पताल परिसर में 101 फीट ऊंचा तिरंगा फहराया जाएगा। आयोजन में संगीतमयी प्रस्तुति भी दी जाएगी। डॉ. संदीप जुल्का व उनकी टीम सहित स्पंदन म्यूजिक ग्रुप तथा स्वराज 75 अमृत महोत्सव समिति के संयोजक डॉ. राकेश शिवहरे, इंदौर डॉक्टर्स एसोसिएशन, अखिल भारतीय मारवाड़ी युवा मंच, हाई कोर्ट अभिभाषक संघ, इंदौर प्रेस क्लब, मीणा समाज, वन बंधु परिषद, अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन, श्री अग्रसेन चैरिटेबल ट्रस्ट, कोकणस्थ ब्राह्मण समाज, सिंधी समाज, योग समूह, रोटरी क्लब आफ इंदौर मार्शल, अखिल भारतीय बैरवा महासभा इंडियन प्लास्ट आदि के सहयोग से यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य पूरे शहर में तिरंगे से जुड़े जोश को फैलाने के साथ ही देश की स्वतंत्रता के अमृत महोत्सव के आनंद और उत्साह को बढ़ाना है। आयोजन का उद्देश्य तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी का भाव बढ़ाना है। जाति धर्म, वर्ग और राजनीति से परे यह आयोजन लोगों को देश के प्रति कर्तव्य निष्ठ बानना है और इसमें सभी लोग शामिल हों सकते हैं। इस आयोजन के अतिथि केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी व सांसद शंकर लालवानी होंगे। चर्च के बिशप, शहर काजी, गुरुद्वारा प्रमुख सहित विभिन्न धर्म प्रमुख भी इस अवसर पर उपस्थित होंगे। साथ ही वरिष्ठ सैन्य अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल बीएस सिसौदिया, कर्नल आशीष मारुलकर, मीररंजन नेगी, वीरगति को प्राप्त बलिदानियों के परिजन, जनप्रतिनिधि, शहर के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहेंगे।