मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ
- फोटो : Amar Ujala
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयान के बाद मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री कमलनाथ ने पीएम पर पलटवार किया है। कमलनाथ ने पीएम मोदी पर झूठ बोलने और राज्य की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया है। कमलनाथ ने कहा, पीएम मोदी ने जो आरोप लगाए, वो निराधार हैं। पीएम ने एक बार फिर मध्यप्रदेश की धरती पर झूठ बोलकर जनता को गुमराह किया।
कमलनाथ ने आगे कहा कि पीएम ने आयकर छापों के दौरान मिले नोटों का जिक्र किया, लेकिन जिस व्यक्ति के यहां नोट मिले, वह खुद ही सच्चाई बता चुका है। पीएम मोदी से उम्मीद थी कि वे प्रदेश में किसानों के उत्थान, युवाओं के रोजगार, महिलाओं के सशक्तिकरण पर बात करेंगे, लेकिन वह झूठे आरोप लगाकर चले गए।
सीएम कमलनाथ ने कहा, पीएम मोदी को देश को यह बताना चाहिए कि उनके हवाई दौरों का खर्चा कौन वहन कर रहा है। उन्हें यह भी बताना चाहिए कि दिल्ली में भाजपा कार्यालय के लिए 700 करोड़ रुपये कहां से आए। इतना बताने के बाद उन्हें मुझसे सवाल पूछने चाहिएं। उन्होंने कहा आश्चर्य की बात है कि वे 15 साल शासन करने वाली पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के समय के भ्रष्टाचार और घोटालों के आरोप तीन माह की कांग्रेस सरकार पर लगा रहे हैं।
मालूम हो कि पीएम मोदी ने शुक्रवार को मध्यप्रदेश के सीधी और जबलपुर में चुनावी रैली के दौरान कांग्रेस और सीएम कमलनाथ पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि मध्यप्रदेश में सरकार बनते ही भ्रष्टाचार शुरू हो गया। आयकर विभाग की छापेमारी को लेकर भी उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधा था।