दुकान में लगा पोस्टर लोगों को कर रहा आकर्षित
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा में एक ऐसी दुकान है जिसमें कांग्रेस नेता राहुल गांधी के देश के प्रधानमंत्री बनने तक दुकान में उधारी बंद रखने का पोस्टर लगाया गया है। भले ही यह ताज्जुब की बात है, लेकिन छिंदवाड़ा के कर्बला चौक पर एक दुकान में ऐसा ही पोस्टर लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। दरअसल, यहां मोहम्मद हुसैन नाम के शख्स डेली नीड्स और हुसैन पैलेस दुकान चलाते हैं। उन्होंने एक जनवरी 2023 से अपनी दुकान में उधारी पूरी तरह बंद कर रखी है।
उधारी की बात कह-कह कर हो गए थे परेशान
मोहम्मद हुसैन ने बकायदा अपनी दुकान में एक पोस्टर चिपकाया है। उसमें लिखा है कि जब तक राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री नहीं बन जाते तब तक के लिए उधारी बंद। हालांकि इस पोस्टर को लेकर चर्चा में आए मोहम्मद हुसैन ने मीडिया को बताया कि यह उनकी पैतृक दुकान है, जहां तीन से चार हजार रुपये की बिक्री होती है। लेकिन दो हजार रुपये तक की उधारी हो जाती थी। ऐसे में उन्होंने एक जनवरी 2023 से पूरी तरीके से अपनी दुकान में लोगों को उधार देना बंद कर दिया है। ऐसे में लोग लगातार उनसे उधार देने की मांग करते थे। बार-बार उधारी न देने की बात कहते-कहते जब वह परेशान हो गए, तब उन्होंने दुकान के बाहर पोस्टर लिखवाकर चिपका लिया कि जब तक राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री नहीं बनेंगे तब तक उनकी दुकान में उधारी बंद रहेगी।
राहुल गांधी के पीएम बनने की जताई इच्छा
मोहम्मद हुसैन ने कहा कि वह चाहते हैं कि जल्द से जल्द राहुल गांधी देश के प्रधानमंत्री बनें क्योंकि वे एक अच्छे नेता भी हैं। मोहम्मद ने आगे कहा कि पोस्टर लगाने के पीछे उनका मकसद यह नहीं है कि राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन सकते। लेकिन कम से कम अभी राहुल गांधी पीएम नहीं बन सकते। इसलिए उन्होंने उधारी बंद करने के लिए पोस्टर लगाया है।