बघेल समाज के लोग ग्वालियर एसपी कार्यालय में।
- फोटो : सोशल मीडिया
ग्वालियर शहर में शुक्रवार को बघेल समाज के लोगों ने एसपी कार्यालय को घेर लिया। बघेल समाज के लोग मांग कर रहे थे कि धर्मपुरा में इनामी बदमाश लाखन बघेल और राजपाल बघेल की हत्या के मामले में गजेंद्र बघेल को झूठा आरोपी बनाया है। वह घटना वाले दिन मौके पर मौजूद नहीं था। निष्पक्ष जांच की जाए, वरना एसपी कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
बताया जाता है कि गजेंद्र बघेल 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश लाखन बघेल का भाई है। उसे पुलिस ने आईपीसी की धारा 307 के तहत आरोपी बनाया है। लाखन बघेल एक इनामी बदमाश था, जिसे उसके साथी के साथ 8 नवंबर को धर्मपुरा ने लोगों ने पीट-पीटकर मार डाला था।
दरअसल, गिरजोरा थाना क्षेत्र के धर्मपुरा में महिला की छेड़छाड़ को लेकर कुशवाहा और बघेल समाज की पंचायत बैठी थी। इस दौरान लाखन और उसका दोस्त राजपाल बघेल भी पहुंचे थे। पंचायत में विवाद होने पर लोगों ने लाखन और राजपाल की पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। इस पर पुलिस ने क्रॉस मामला दर्ज करते हुए कुशवाहा समाज के दो लोगों पर लाखन और राजपाल बघेल की हत्या का केस दर्ज किया है। वही, मृतक राजपाल और लाखन के साथ-साथ लाखन के भाई गजेंद्र पर हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। इसके विरोध में बघेल समाज के लोगों ने एसपी कार्यालय पहुंचकर निष्पक्ष जांच की मांग की। है।
बघेल समाज के कोषाध्यक्ष सीताराम ने कहा कि लाखन बघेल के खिलाफ कई मुकदमे दर्ज थे। उसकी हत्या हो गई, तो हमें उस पर कुछ नहीं कहना। उसके भाई गजेंद्र को क्यों आरोपी बना दिया? उसे अपराधी बनाकर जेल में डाल दिया है। इस मामले की निष्पक्ष जांच की जरूरत है।