शिवपुरी में 15 लाख की फिरौती के लिए बच्चे का अपहरण किया गया था। प्रतीकात्मक चित्र
- फोटो : GoPetition.com
शिवपुरी के भावखेड़ी गांव से एक बच्चे का अपहरण करने वाले तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए बताया कि 15 लाख रुपये के लिए बच्चे का अपहरण किया गया दो आरोपियों ने बच्चे को अगवा किया था और तीसरा आरोपी गांव में रहकर हर खबर आरोपियों तक पहुंचा रहा था।
सोमवार को एसपी राजेश सिंह चंदेल ने बताया कि 25 दिसंबर को फरियादी दामोदर पुत्र रामजीलाल यादव निवासी भावखेड़ी ने थाने आकर रिपोर्ट करवाई थी कि मेरे भतीजे नरेंद्र यादव का 6 साल का लड़का हरिओम तीन बजे से लापता था, हर जगह तलाश करने पर भी उसका कोई पता नहीं चला। फिर शाम 4.26 बजे 9109032328 से एक फोन आया, जिसमें कहा गया कि बच्चा मेरे पास है। पैसा तैयार रखना। कोई होशियारी की तो समझ लेना। उसके बाद फोन कट गया। फरियादी ने दोबार संपर्क करने की कोशिश की तो नंबर बंद आ रहा था।
फिरौती के लिए छोटे बच्चे का अपहरण का होने से पुलिस तत्काल सक्रिय हुई। टीम ने पूरे क्षेत्र की नाकाबंदी की और सभी अधिकारी व आस-पास के थाना प्रभारीगण व एडी टीम, सायबर टीम मौके पर आ गई। सभी लोगों ने मिलकर घेराबंदी की तो घबराकर आरोपियों ने बच्चे को गांव में ही रोड पर छोड़ दिया। बच्चे से पुलिस ने की गई तो उसने गांव के एक व्यक्ति का नाम बताया। जिसको गिरफ्तार कर पूछताछ की गई तो उसने बताया कि मैंने व गांव के ही एक मित्र ने दो माह पूर्व बच्चे को अगवा कर पन्द्रह लाख रुपये फिरौती मांगने की योजना बनाई थी, किन्तु बच्चे को अगवा करने का मौका 25 दिसंबर को मिल पाया।
आरोपियों ने बताया कि बच्चा अपने मित्र के साथ अक्सर मार मे खेलने आ जाता था, जिस पर हम लोग काफी दिन से नजर रखे थे। बच्चे को अगवा करने के बाद आरोपियों ने उसे मार मे स्थित सरसों के खेत में रखा था एवं परिजनो को फोन करने के लिए एक फर्जी सिम की व्यवस्था की थी। इस अपहरण कांड मे उक्त दोनों आरोपियों के अलावा एक आरोपी और सम्मिलित था। जो गांव में रहकर गांव में होने वाली हर हरकत की सूचना मोबाइल द्वारा इन तक पहुंचा रहा था। पुलिस ने इन तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है।