पुलिस के साथ युवक, जिसका अपहरण हुआ था
- फोटो : अमर उजाला
कटनी जिल में एक युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। विजयराघवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम सिनगौडी बस स्टैंड से 22 वर्षीय जितेंद्र सिंह अचानक लापता हो गया था। युवक के मोबाइल से परिजनों को मैसेज आया कि उसे कुछ लोगों ने किडनैप कर लिया है और उसे छोड़ने के एवज में दो लाख की फिरौती की मांग की थी। घटना की जानकारी लगते ही कटनी पुलिस हरकत में आई और एसपी सुनील कुमार जैन के निर्देश पर तलाश शुरू की गई। जितेंद्र को खोजने के लिए पुलिस अधीक्षक सुनील जैन ने एसडीओपी उमराव सिंह समेत सात थानों के प्रभारियों को लगाया, जिसमें विजयराघवगढ़ टीआई विजय सिंह बघेल, कैमोर टीआई सुदेश कुमार, बरही टीआई सुधाकर बारसकर, एनकेजे थाना प्रभारी सिद्धार्थ राय समेत अन्य टीआई अपने पुलिस बल के साथ शामिल रहे। जिन्होंने रातभर युवक के मोबाइल लोकेशन के आधार पर तलाश की। अंत में कुंदरेही के समीप युवक मिला।
वहीं मामले पर एसडीओपी उमराव सिंह का कहना है कि जितेंद्र से पूछताछ करने पर जानकारी मिली की बाइक सवार तीन लोगों ने उसे किडनैप किया था, जिसके बाद खितौली के पास ले गए थे और दो लोगों ने उसे पेट्रोल पंप के पास छोड़ दिया। खास बात यह है की बिना फिरौती की रकम लिए ही किडनैपर्स ने युवक को छोड़ दिया। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है, जांच के बाद अपहरण के सही कारण सामने आ सकेंगे।