निमाड़ को मिला स्वतंत्र विश्वविद्यालय का दर्जा
- फोटो : अमर उजाला
खरगोन जिले में क्रांति सूर्य टंट्या भील नाम से एक नया विश्वविद्यालय बनाए जाने की घोषणा मध्य प्रदेश शासन ने की है, इसके बाद इसके लिए आदेश भी जारी हो चुके हैं। प्रदेश शासन के इस निर्णय से संपूर्ण निमाड़ जनपद में खुशी का माहौल है। बताया जा रहा है कि इस विश्वविद्यालय से क्षेत्र के न केवल एक करोड़ निमाड़ी जनमानस को लाभ होगा बल्कि निमाड़ी लोकभाषा, संस्कृति और लोक कलाओं के संरक्षण व संवर्धन में भी मदद मिलेगी।
सात हजार हस्ताक्षर युक्त एक ज्ञापन
बता दें कि अखिल निमाड़ लोक परिषद् और न्यास इसके लिए कईं बार मुख्यमंत्री, शिक्षा मंत्री और संस्कृति मंत्री को जिलाधीशों के माध्यम से ज्ञापन भी दे चुका था। गत 2022 में स्वतंत्र विश्वविद्यालय हेतु न्यास अध्यक्ष जगदीश जोशीला के नेतृत्व में संपूर्ण निमाड़ में हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया था, जिसमें सात हजार हस्ताक्षर युक्त एक ज्ञापन तत्कालीन मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को सौंपा गया था।
आतिशबाजी कर शासन के प्रति आभार व्यक्त किया
इसी तरह परिषद् की विभिन्न इकाइयों द्वारा भी इस बाबत ज्ञापन समय-समय पर दिए गए। आज जब स्वतंत्र विश्वविद्यालय का आदेश जारी हुआ तो आसपास के 25 हजार से अधिक विद्यार्थियों को इसका लाभ मिलेगा, जिसके चलते परिषद् की विभिन्न इकाइयों व अध्यक्ष जीवनलाल शर्मा और कोषाध्यक्ष संतोष राठौड़ के नेतृत्व में परिषद के सदस्यों ने आतिशबाजी कर शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।