बेकरी गोडाउन को सील करते अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने एक बेकरी से बड़ी मात्रा में टोस्ट के सैंपल जब्त किए हैं, जिसके बाद इन्हें भोपाल स्थित राज्य स्तरीय प्रयोगशाला में भेजे जाने की तैयारी की जा रही है। वहीं अधिकारियों का कहना है कि बेकरी में पैकेजिंग और लेबलिंग का कार्य खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रावधानों के खिलाफ था, जिसके चलते बेकरी को भी सील कर दिया गया है।
खरगोन जिले में मिलावट से मुक्ति अभियान चलाया जा रहा है जिसके अंतर्गत नगर में संचालित बेकरियों का लगातार औचक निरीक्षण कर छापामार कार्रवाई की जा रही है। इसी के चलते जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की एक टीम ने शहर के गुलशन नगर स्थित जायका बेकरी से खाद्य पदार्थ पाम तेल, मैदा सहित टोस्ट के नमूने जब्त किए हैं। तो वहीं बेकरी में खाद्य सुरक्षा अधिनियम के प्रावधानों के तहत पैकेजिंग और लेबलिंग के काम में टीम को अनियमितता मिली है, जिसके बाद जायका बेकरी से करीब 1 लाख 5 हजार रुपये कीमत के 210 किलो टोस्ट जब्त कर गोडाउन को सील किया गया है।
अमानक पाए जाने पर होगी वैधानिक कार्रवाई
वहीं निरीक्षण करने पहुंचे अधिकारियों के मुताबिक खाद्य सामग्री के नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल को भेजे जाएंगे, जिसके बाद जंच में खाद्य सामग्री के नमूने अमानक पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत वैद्यानिक कार्रवाई भी की जाएगी। इसके साथ ही आगामी समय में भी समस्त जगह विशेष अभियान चलाकर खाद्य प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण कर विधिवत कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।