खंडवा में आंधी में उड़े टीनशेड
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में मंगलवार शाम अचानक मौसम बदल गया और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान चलने लगा। इसके चलते आम जनजीवन तो प्रभावित हुआ ही वहीं, इस दौरान कई लोगों के आशियानों की लोहे के टीन से बनी छतें भी उड़ गईं। ऐसे ही एक घर की उड़ती टीन की चद्दरों का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। इसे राह चलते एक वाहन चालक ने बनाया था, जिसमें उड़ते टीन देखे जा सकते हैं।
खंडवा जिले में मंगलवार देर शाम अचानक मौसम ने करवट ली और कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ आंधी चलने लगी। इसी दौरान हवा की तीव्रता को दर्शाता हुआ जिले के मोरटक्का स्थित इंदौर इच्छापुर हाईवे के किनारे का एक वीडियो जमकर वायरल हो रहा है, जिसे वहां से गुजर रहे एक चार पहिया वाहन चालक ने बनाया था । वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हवा तूफानी रफ्तार से चल रही है, तो इस दौरान हाईवे किनारे मौजूद एक घर की टीन की छत की चद्दरें इस तूफान में कागज और पेड़ के पत्तों की तरह उड़ती दिखाई दे रही हैं। इन उड़ती चद्दरों से बचने के लिए वहां से गुजर रहे राहगीर भी किसी तरह जतन करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि इस दौरान वहां से गुजर रहे एक बाइक चालक पर टीन की उड़ती चद्दर और इसका एक पाइप गिर जाता है, जिसके चलते वह सड़क पर चद्दर में दबा हुआ भी दिखाई दे रहा है, जिसे बाद में कुछ लोग आकर उठाते दिखाई दे रहे हैं।
हालांकि गनीमत रही कि इस दौरान किसी को गंभीर चोट नहीं आई हैं, तो वहीं कुछ लोगों को इसमें मामूली चोटे जरूर आई हैं। बता दें कि मोरटक्का से ही सटे हुए इंधावड़ी क्षेत्र में भी इसी तरह की हवा चलने के कारण वहां आकर ले रही एशिया की सबसे बड़ी सोलर परियोजना के पैनल भी पलट गए थे, जिसके चलते काफी नुकसान होने की संभावना जताई जा रही है।