मां नर्मदा की परिक्रमा के लिए महाराष्ट्र से ओंकारेश्वर पहुंचे एक दंपति की श्रद्धा यात्रा दर्दनाक हादसे में बदल गई। पुणे निवासी 46 वर्षीय सुनंदा प्रवीण वग्गा और उनके पति प्रवीण वग्गा की नर्मदा नदी में डूबने से मौत हो गई। शुक्रवार को महिला का शव खरगोन जिले के बड़वाह थाना क्षेत्र के कोठावा आश्रम के पास मिला था, जबकि रविवार को उनके पति का शव ओंकारेश्वर में बरामद हुआ।
पुलिस जांच में पता चला कि सुनंदा नर्मदा परिक्रमा पर निकलने वाली थीं और उनके पति प्रवीण उन्हें ओंकारेश्वर तक छोड़ने आए थे। दोनों 6 नवंबर को पुणे से रवाना होकर 7 नवंबर की सुबह ओंकारेश्वर पहुंचे थे। इसके बाद से ही उनका मोबाइल फोन बंद था। अनुमान है कि दोनों सुबह अंधेरे में स्नान के दौरान नर्मदा की तेज धार में बह गए। प्रवीण के शव पर केवल अंतर्वस्त्र पाए जाने से यह संभावना और पुख्ता हो गई कि दोनों स्नान के दौरान हादसे का शिकार हुए या एक-दूसरे को बचाने की कोशिश में डूब गए।
नर्मदा की तेज धार महिला का शव बहाकर बड़वाह तक ले गई, जबकि पुरुष का शव ओंकारेश्वर के पास पत्थरों में फंसा मिला। रविवार सुबह स्थानीय लोगों ने शव देखकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया।
ये भी पढ़ें: MP News: डिजाइन में खामी या भूल? बनते-बनते बदल गई ओवरब्रिज की दिशा, SDM ने ब्रिज कॉरपोरेशन को दिए जांच के आदेश
मृतका के भाई उमेश वग्गा ने सोमवार को दोनों शवों की पहचान की। उन्होंने बताया कि दंपति पुणे में कॉस्मेटिक की दुकान चलाते थे और उनकी 19 वर्षीय बेटी कॉलेज में पढ़ाई कर रही है। परिवार ने बताया कि बेटी को अब तक इस घटना की जानकारी नहीं दी गई है।
ओंकारेश्वर थाना प्रभारी अनोक सिंधिया ने बताया कि दोनों पति-पत्नी नर्मदा की बड़ी परिक्रमा के लिए पहुंचे थे। स्नान के दौरान डूबने से यह हादसा हुआ। महिला का शव नर्मदा की धार में बहकर कोठावा आश्रम तक पहुंचा, जबकि पुरुष का शव ओंकारेश्वर में ही मिला। परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम के बाद दोनों का अंतिम संस्कार ओंकारेश्वर के श्मशान घाट पर किया गया।
इस हादसे ने पूरे ओंकारेश्वर तीर्थ क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। मां नर्मदा की परिक्रमा जैसे पवित्र कार्य के लिए आए श्रद्धालुओं की यह असामयिक मृत्यु सभी को व्यथित कर गई। स्थानीय साधु-संतों ने भी इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया और यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की है।
यह घटना एक दर्दनाक स्मरण है कि श्रद्धा के साथ-साथ सतर्कता भी उतनी ही आवश्यक है। नर्मदा की गहराई और धार के प्रति लापरवाही की बहुत बड़ी कीमत चुकानी पड़ सकती है।