खंडवा जिले में मतदाता जागरुकता अभियान के तहत लोगों को मतदान के प्रति जागरुक करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसकी शुरुआत गुरुवार को जिला कलेक्टर के कार्यालय से की गई। इस अभियान के तहत शहर के बाजारों, मेलों और ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर लोगों को जागरुक किया जाएगा। वहीं, लोगों को मतदान के प्रति जागरुक करने के लिए ये सी-वॉलेंटियर्स का भी उपयोग किया जाएगा।
इस अवसर पर जिला कलेक्टर अनूप कुमार सिंह ने बताया कि अभी जो निर्वाचन होना है, उसके लिए मस्कट का अनावरण किया गया है। और अभी सीईओ जिला पंचायत के निर्देशन में तमाम स्वीप की एक्टिविटी चलती रहती हैं। हम कोशिश कर रहे हैं कि 18 वर्ष के जो मतदाता हैं, वह मतदान के दिन अपने मत का प्रयोग करें, और जो पिछली बार का वोटिंग परसेंटेज था, उससे इस बार वोटिंग परसेंटेज बढ़कर मतदान हो। इसीलिए विभिन्न जागरुकता प्रोग्राम चलाए जा रहे हैं, ताकि लोगों में मतदान से संबंधित जागरुकता बनी रहे। अभी होली का भी समय है तो ऐसे में लोग घरों पर आए हुए होते हैं।अगर उनको वापस जाना हो तो ग्रामीण क्षेत्रों में फोकस किया जा रहा है कि मतदान के दिन वे लोग वापस आकर अपने क्षेत्र में मतदान जरूर करें।
सी-वॉलेंटियर्स की मदद से करेंगे प्रोत्साहित
इसके साथ ही जिला कलेक्टर सिंह ने बताया कि खंडवा शहर में भी उन मतदान केंद्र पर फोकस किया जा रहा है, जहां पर पिछले विधानसभा चुनाव में वोटिंग परसेंटेज कम था। ऐसे पोलिंग बूथ पर सी-वॉलेंटियर की मदद से लोगों को जागरुक कर मतदान केंद्रों तक मतदान करने के लिए लाया जाएगा। क्योंकि देखा जा रहा है कि खंडवा शहर के कई लोग पढ़ाई और रोजगार के चलते इंदौर या दूसरे बड़े शहरों में पलायन कर जाते हैं, तो ऐसे में कोशिश की जा रही है कि उन्हें मतदान के दिन अधिक से अधिक संख्या में खंडवा बुलवाकर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया जाए।