गर्मी और धूप से परेशान हैं लोग।
- फोटो : सोशल मीडिया
देशभर में लोकसभा चुनाव के चलते एक ओर जहां सियासी पारा चढ़ा हुआ है। मध्य प्रदेश के खंडवा जिले में सियासी पारे के साथ-साथ गर्म हवाओं और लू के थपेड़ों के चलते तापमान का पारा भी चढ़ा हुआ है।
इन दिनों खंडवा प्रदेश में सबसे गर्म शहर बना हुआ है। यहां का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से भी पार हो चुका है। शुक्रवार को भी यहीं हालात रहे। बाजार से भीड़ नदारद रही। धूप के कारण लोग छाया का सहारा लेते नजर आए। बढ़ती हुई गर्मी और तेज़ धूप को लेकर स्कूल शिक्षा विभाग भी हरकत में आया। स्कूलों के समय में बदलाव किया है। खंडवा में अब स्कूल का समय बदलकर सुबह 7.30 बजे से दोपहर 12.30 बजे तक कर दिया गया है।
डीईओ ने दिए निर्देश
तापमान में हो रही लगातार बढ़ोतरी के चलते स्कूलों का समय बदलने को लेकर खंडवा के जिला शिक्षा अधिकारी पीएस सोलंकी ने बताया कि प्राइवेट और सरकारी दोनों सेक्टर की स्कूल सुबह 7.30 बजे से खुलेगी। स्कूलों का बंद होने का समय दोपहर 12.30 बजे से पहले का रहेगा। हालांकि, समय में हुए फेरबदल के कारण स्कूलों को एक ही शिफ्ट में कक्षाएं संचालित करना पड़ेगा। 20 अप्रैल से संशोधित टाइम-टेबल लागू रहेगा। डीईओ ने सभी बीईओ, बीआरसी और संकुल प्राचार्यों को निर्देश दिए हैं कि समय का पालन कराना सुनिश्चित किया जाए।