मध्य प्रदेश के बुरहानपुर नगर में देर रात दो पक्षों में जमकर विवाद हुआ । इस दौरान दोनों पक्षों के बीच पत्थरबाजी भी हुई, तो वहीं शरारती तत्वों ने मामला शांत करने पहुंचे पुलिस बल पर भी पथराव किया । हालांकि गनीमत रही के इसमें कोई घायल नहीं हुआ है । वहीं बताया जा रहा है कि मामला सोशल मीडिया से जुड़ी एक पोस्ट का है जिसको लेकर पुलिस में शिकायत की गई थी कि धर्म विशेष के खिलाफ एक युवक ने पोस्ट की है, लेकिन इस पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई नहीं की, जिसके चलते उत्तेजित युवक पोस्ट करने वाले युवक के घर के आसपास पहुंच गए । जहां दोनों ही पक्ष आमने-सामने हो गए और विवाद बढ़ गया । हालांकि इस दौरान पहुंची पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को तितर बितर किया, तो वहीं फिलहाल स्थिति सामान्य है और पुलिस ने पोस्ट करने वाले युवक के साथ ही उपद्रव करने वाले करीब 106 लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है ।
बुरहानपुर नगर के थाना गणपति नाका में शनिवार देर रात शहर के शोहराबउद्दीन कुरेशी नामक युवक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि इतवारा गेट के रहने वाले जतन उर्फ जत्तू ने मुस्लिम धर्म के खिलाफ इंस्टाग्राम पर एक आपत्तिजनक पोस्ट डाली है, जिस पर उन्होंने इस युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी । वहीं बताया जा रहा है कि पुलिस ने उनका आवेदन लेकर उन्हें कार्रवाई का भरोसा देकर रवाना कर दिया । हालांकि इस पर कुछ देर तक किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की गई, जिससे नाराज होकर एक पक्ष के युवक उत्तेजित हो गए और वे कार्रवाई की मांग को लेकर पोस्ट करने वाले युवक के क्षेत्र के आसपास पहुंचकर भीड़ की शक्ल में हंगामा और नारेबाजी करने लगे ।
दोनों पक्ष आमने-सामने होकर करने लगे पथराव
वहीं मिली जानकारी के अनुसार इसी बीच सामने से दूसरे पक्ष के लोग भी आमने-सामने हो गए, और वे भी हंगामा करने लगे । वहीं बताया जा रहा है कि देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच पथराव होकर भगदड़ की स्थिति बन गई लेकिन गनीमत रही की इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ । हालांकि सूचना मिलते ही पुलिस बल भी तुरन्त मौके पर पहुंचा, और हल्का बल प्रयोग करते हुए भीड़ को तितर बितर किया गया । वहीं इसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी युवक को तो गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, तो वहीं हंगामा कर रहे करीब 106 लोगों पर भी गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है ।
भीड़ को तितर बितर कर पुलिस ने कराया मामला शांत
वहीं इस पूरी घटना को लेकर बुरहानपुर एसपी देवेंद्र पाटीदार ने बताया कि एक लड़का है, जिसने मुस्लिम धर्म के खिलाफ कोई आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी । उसको लेकर देर रात करीब 10 बजे कुछ मुस्लिम पक्ष के लोग आए थे, वे साथ में आवेदन भी लाए थे, जिस पर जतिन मगरे नाम के लड़के के खिलाफ उनका आवेदन ज्ञापन ले लिया गया, और उनको बता दिया गया था कि कार्रवाई की जा रही है । लेकिन यहां से जाने के बाद भीड़ के रूप में करीब 100 - 150 लड़के आजाद नगर इतवारा गेट के पास पहुंच गए, और यह लोग हल्ला और नारेबाजी करने लगे । वहीं कुछ लोग तो इतवारा गेट के अंदर तक भी पहुंच गए । इस दौरान पुलिस को जानकारी मिलते ही तुरंत पुलिस बल भी मौके पर पहुंचा, और पुलिस ने इन्हें रोका । जिस पर भीड़ ने पुलिस पर ही कुछ पत्थर फेंके । हालांकि पुलिस बल को लगे नहीं, और ना ही पुलिस वाहनों को कुछ नुकसान हुआ । इसके बाद पुलिस बल ने भीड़ को तितर बितर कर मामला शांत करा दिया ।
हंगामा करने वाले 106 के खिलाफ मामला दर्ज
वहीं बुरहानपुर एसपी पाटीदार ने बताया कि जिस लड़के ने आपत्तिजनक पोस्ट डाली थी उसे पुलिस ने मामला दर्ज कर गिरफ्तार करते हुए जेल भेज दिया है, और उस पर किसी व्यक्ति की धार्मिक संवेदनाओं को ठेस पहुंचाने की धारा 295A और सरकारी निर्देशों के उल्लंघन की धारा 188 के तहत कार्रवाई की गई है । वहीं उन्होंने बताया कि जिन लोगों ने हंगामा किया था, उन पर भी पुलिस ने कार्रवाई की है, और उन पर मामला दर्ज करते हुए छह नामजद और अन्य 100 के खिलाफ धारा 353 (सरकारी कर्मचारियों को उनके कर्तव्य से रोकने से संबंधित धारा), धारा 147 (उपद्रव या दंगा करने की धारा),
के साथ ही धारा 336 (किसी मानव जीवन या व्यक्ति की सुरक्षा को खतरे में डालने की धारा) आईपीसी में मामला दर्ज करते हुए, सात आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया गया है । वहीं बाकियों की तलाश जारी है । साथ ही क्षेत्र में पुलिस ने फ्लैग मार्च निकाला हुआ है, और अब स्थिति सामान्य है ।