मध्यप्रदेश के खंडवा नगर की छोटी आबना नदी के पुल पर शुक्रवार दोपहर एक हादसे में दो पुल के बीच से गुजर रहा एक ट्रक रेलिंग तोड़कर नदी पर झूल गया। दरअसल, रेलवे माल गोदाम से खाद भरकर निकला यह ट्रक नेपानगर की ओर जा रहा था। इस दौरान नदी पर बने पुल से गुजरते समय ट्रक का स्टेरिंग खराब हो गया और गाड़ी अनियंत्रित हो गई। इस दौरान ड्राइवर ने गाड़ी को संभालने की कोशिश की, लेकिन इसी बीच ट्रक का टायर भी फट गया, जिससे असंतुलित होकर ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ नदी पर बने आवक जावक के दो पुलों के बीच में लटक गया। हालांकि, गनीमत रही की इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
खंडवा नगर के पंधाना रोड स्थित रेलवे माल गोदाम के रैक से खाद से भरा एक ट्रक नेपानगर की ओर खाद सप्लाई करने जा रहा था। इस दौरान पंधाना रोड पर बने आबना नदी के पुल पर अचानक ट्रक क्रमांक MP-09 HG-2567 का स्टेरिंग खराब हो गया और गाड़ी अनियंत्रित हो गई, जिसे ड्राइवर ने संभालने की कोशिश भी की। लेकिन इसी बीच ट्रक का एक टायर भी फट गया और असंतुलित ट्रक एक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए साइड में बने दूसरे पुल की रेलिंग को भी तोड़कर, दोनों पुलों के बीच में झूल गया।
हालांकि, इस बीच ट्रक के ड्राइवर नईम ने कूद कर अपनी जान बचा ली, तो वहीं गनीमत रही की इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई। इधर, घटना देख मौके पर राहगीरों की भीड़ लग गई, जिसके बाद गाड़ी मालिक आजम चौहान भी तुरंत मौके पर पहुंचे। जहां एक दूसरा ट्रक बुलाकर दुर्घटना ग्रस्त ट्रक में रखी खाद की बोरियों को खाली किया जा रहा है और ट्रक को पुल के बीच से निकालने के लिए क्रेन को भी बुलवाया गया है।
वहीं, हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर मोहम्मद नईम ने बताया कि वह ट्रक को लेकर नेपानगर की तरफ जा रहे थे। इस दौरान ट्रक के स्टेरिंग की राड टूटने से गाड़ी अनबैलेंस हो गई और ये हादसा हो गया, जिसमें किसी को लगी नहीं है। वहीं, हादसे के बाद घटना स्थल पर पहुंचे ट्रक मालिक आजम चौहान ने बताया कि रेलवे माल गोदाम से खाद का रैक लगने के बाद खाद से भरा उनका ट्रक नेपानगर की ओर जा रहा था। इस बीच स्टेरिंग फेल होने से आबना नदी के पुल पर यह हादसा हो गया है, हालांकि इसमें किसी को लगी नहीं है।