मामूली विवाद में युवक की बेदम पिटाई, नग्न हालत में मारपीट का वीडियो वायरल।
मध्यप्रदेश के कटनी जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। मामूली विवाद के चलते एक शख्स और उनकी मां से बर्बरता पूर्वक मारपीट की घटना अंजाम दी गई। घटना स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के मटवारा गांव की है। युवक और उसकी मां के साथ मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि 20 से 30 लोग घर में घुस आए और युवक को बेरहमी से पीटा। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी मां के साथ भी मारपीट की गई। मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर छह संदिग्धों को गिरफ्तार किया है।
पीड़ित अरविंद वंशकार के मुताबिक, 29 सितंबर की शाम निवार बाजार में उसकी गाड़ी से एक स्कूटी को मामूली टक्कर लग गई थी। आरोप है कि इसके बाद संजू बर्मन, सिद्धार्थ पांडेय समेत कुछ लोगों ने उसके साथ मारपीट की। किसी तरह वहां से निकलकर अरविंद अपने घर मटवारा पहुंचा। पीड़ित का आरोप है कि कुछ देर बाद बड़ी संख्या में लोग उसके घर पहुंचे और जबरन अंदर घुसकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। सामने आए वीडियो में कुछ लोग युवक को घसीटते और उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं।
ये भी पढ़ें-
खौफनाक: बेटे की चाह में मां ने एक दिन की नवजात बेटी का गला घोंटा, अस्पताल के बिस्तर पर की ये हैवानियत
पीड़ित का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके कपड़े फाड़ दिए गए और उसे नग्न अवस्था में पीटा गया। बेटे को बचाने पहुंची मां के साथ भी मारपीट का आरोप है। पीड़ित परिवार का कहना है कि महिला की साड़ी फाड़ दी गई और उन्हें भी चोटें आई हैं। अरविंद ने हमलावरों पर उसकी गाड़ी में रखा सामान ले जाने और पर्स से तीन हजार रुपये निकालने का भी आरोप लगाया है। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने एक अक्टूबर को एसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दी। इसके बाद स्लीमनाबाद थाने में एफआईआर दर्ज की गई। परिवार ने कुछ आरोपियों के सत्ताधारी दल से जुड़े संगठनों से संबंध होने का दावा करते हुए पुलिस पर कार्रवाई में दबाव होने का आरोप भी लगाया है।
छह संदिग्ध गिरफ्तार, बाकी की पहचान जारी
एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने बताया कि एक युवक और उसकी मां के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। मामले में एफआईआर दर्ज कर छह संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वीडियो की जांच के साथ अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने कहा कि युवक को नग्न कर मारपीट की गई थी या मारपीट के दौरान उसके कपड़े फटे, यह जांच का विषय है। पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है। अन्य आरोपियों की पहचान होने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।