मध्यप्रदेश के कटनी जिले के माधवनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत तखला फाटक के पास सोमवार को एक युवक ने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान अजय उर्फ अंकित सिंह बघेल, निवासी ग्राम तखला के रूप में हुई है। चौंकाने वाली बात यह रही कि युवक के परिजनों को अंतिम संस्कार के बाद उसके मोबाइल से एक वीडियो मिला, जिसमें अजय ने आत्महत्या के लिए सीधे तौर पर बेकरी संचालक मनोज मोटवानी को जिम्मेदार ठहराया है।
वीडियो में अजय ने कहा है कि वह मानसिक रूप से बेहद परेशान है। मनोज मोटवानी द्वारा लगातार पैसे की मांग और धमकियों से तंग आकर आत्महत्या कर रहा है। उसने यह भी बताया कि वह खुद का काम शुरू करना चाहता था, लेकिन मालिक ने उसे जान से मारने की धमकी दी।
ये भी पढ़ें:
ट्रेन से गिरी पत्नी, बचाने के लिए कूदा वकील पति, गोद में उठाकर लगाई दौड़; पर डॉक्टर के शब्दों ने किया सन्न
बहन ने लगाए गंभीर आरोप
मृतक अजय सिंह की बहन रचना सिंह बघेल ने कहा, भाई घर से 32 हजार रुपये लेकर निकला था, उसने बताया कहा था कि वह मनोज मोटवानी को पैसे देने जा रहा है। फिर वह वापस नहीं आया। मनोज मोटवानी उसे काम छोड़ने पर गाड़ी छीनने और जान से मारने की धमकी दे रहा था।
समाज का आक्रोश, कार्रवाई की मांग
अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा के जिलाध्यक्ष अनिल सेंगर, मृतक के परिजनों और अपने साथियों के साथ माधवनगर थाने पहुंचे और ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि माधवनगर पुलिस यदि जल्द कार्रवाई नहीं करती है तो पूरा समाज सड़कों पर उतरेगा। वीडियो में प्रताड़ना के सीधे प्रमाण होने के बावजूद पुलिस की चुप्पी शर्मनाक है।
ये भी पढ़ें:
हनीमून पर गए इंदौर के नव दंपति का छह दिन बाद भी सुराग नहीं, क्या कर रही मेघालय पुलिस?
जांच की जा रही
निवार चौकी प्रभारी नेहा मौर्य ने बताया कि मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। मोबाइल में मिले वीडियो को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।