ट्रांसफार्मर लगवाने के लिए मांगे थे पैसे
- फोटो : अमर उजाला
जबलपुर लोकायुक्त ने सोमवार की शाम बड़ी छापेमारी करते हुए बिजली विभाग के खितौली जेई और उनके सहायक ऑपरेटर को 25 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। दरअसल ग्राम लोहरवाड़ा में राजेश पटेल की बन रही राइस मील में 63 केवीए का ट्रांसफॉर्मर लगना था। इसी का एस्टीमेट और डिमांड नोट तैयार करने के लिए एमपीईबी के डीई राजीव चतुर्वेदी ने पैसे मांग की थी तो इसी काम के लिए खितौली जेई चंचल गुप्ता ने 40 हजार रुपए की मांग कर डाली थी।
जिसकी लिखित शिकायत बी क्लॉस के ठेकेदार बलराम पटेल ने जबलपुर लोकायुक्त एसपी से करते हुए कड़ी कार्रवाई करने की बात कही थी। जिस पर डीएसपी सुरेखा परमार के नेतृत्व में एक टीम गठित करते हुए कटनी जिले के ग्राम खितौली रवाना किया गया, जहां पहुंचकर लोकायुक्त ने कनिष्ठ अभियंता कार्यालय में 500-500 के नोटों की गड्डी लेते ऑन ड्यूटी जेई और ऑपरेटर को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया था।
लोकायुक्त डीएसपी सुरेखा परमार ने बताया कि लोकायुक्त की ट्रैप टीम ने नोटों में पहले से कलर लगाया हुआ था और जैसे ही आरोपी चंचल गुप्ता और रवि बर्मन ने जैसे ही नोट लिए वैसे ही उसके हाथों को गीला किया गया तो गुलाबी कलर से हाथ रंगा दिखाई देने लगा। इसके बाद लोकायुक्त की 7 सदस्यीय टीम ने मिलकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। वहीं अन्य साक्ष्य मिलने के चलते राजीव चतुर्वेदी को भी आरोपी बनाया गया है। तीनों आरोपियों पर भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण बनाया है।