कटनी जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने निषाद गैंग के चार सदस्यों के घरों पर मामा का बुलडोजर चलाया है। आरोपियों में शामिल रवि निषाद, आशीष निषाद, बड़ा साहिल और छोटा साहिल निषाद द्वारा हाल-फिलहाल में शेयर बाजार ब्रोकर मनीष शर्मा के घर में घुसकर डकैती और हत्या जैसी घटना को अंजाम दिया था।
इस पर पुलिस ने घटना में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए डकैती में गया लाखों सोना भी बरामद किया है। लेकिन उसकी जांच अभी भी जारी है। इसी बीच जिला प्रशासन ने इनके घरों को चिन्हित करते हुए अवैध निर्माण का नोटिस जारी किया था। समय रहते जवाब नहीं मिलने पर नगर निगम, राजस्व अमला सहित स्थानीय पुलिस ने मिलकर चारो बदमाशों के घरों पर बुलडोजर चलाते हुए पूरे घर को नेस्तनाबूत कर दिया।
पूरे मामले की जानकारी देते हुए कोतवाली टीआई अजय सिंह ने बताया कि नगर निगम द्वारा अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए पुलिस प्रशासन का सुरक्षा के लिए सहयोग मांगा था। इस पर राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम ने मौके पहुंचकर चार घरों पर बुलडोजर चलाए हैं। चारो अतिक्रमणकारियों का अपराधिक रिकॉर्ड मौजूद है। फिलहाल, जिला प्रशासन की कार्रवाई को आमजन ने सराहा है। देखना ये है मामा का बुल्डोजर अपराध को रोकने में कितना कारगार साबित हो पाता है।