कैदियों ने किए महागायत्री यज्ञ
- फोटो : अमर उजाला
गायत्री समाज जो उत्तर प्रदेश से लेकर मध्यप्रदेश की जेलों में बंद कैदियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए तरह-तरह के धार्मिक आयोजन करवा रही है। इसी तरह दो दिवसीय कार्यक्रम कटनी जिला जेल में आयोजित हुआ। यहां 475 कैदियों को 24 कुंडी महागायत्री यज्ञ करवाते हुए सभी के सद्बुद्धि की प्रार्थना की।
कैदियों ने बताया कि गायत्री समाज द्वारा आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में हम लोगों ने महामृत्युंजय और गायत्री मंत्र कॉपी में लिखे। यही नहीं एक कैदी ने गायत्री माता की बेहद सुंदर चित्र भी बनाया है। महिला कैदी के मुताबिक, जेल में हुए भजन संध्या कीर्तन और हवन से मन को शांति मिली है। सभी ने जेल प्रशासन और गायत्री परिवार का आभार व्यक्त किया है। जिला संयोजक प्रफुल्ल कुमार सोनी ने बताया कि हमारी संस्था उत्तर प्रदेश से लेकर मध्यप्रदेश की जेलों में बंद कैदियों को समाज से दोबारा जोड़ने के लिए धार्मिक आयोजन करवाती है।
मंगलवार को कटनी जेल में 24 कुंडी गायत्री हवन किया है, ताकि सभी को सद्बुद्धि मिले। इस दौरान जेल अधीक्षक प्रभात चतुर्वेदी की मौजूदगी में सभी से शपथ भी दिलवाई है कि यहां से निकलने के बाद वो कभी अपराध नहीं करेंगे। हालांकि जेल में होने वाला ये कोई पहला आयोजन नहीं है। लेकिन इस तरह के कार्यक्रम से कैदियों के जीवन में कितना असर होगा, ये तो भविष्य ही बताएगा।