भाजपा में जाने के सवाल पर कमलनाथ का इनकार न इकरार
दरअसल, कमलनाथ शनिवार को छिंदवाड़ा का दौरा निरस्त कर अचानक दिल्ली पहुंच गए थे। उनके साथ सांसद बेटे नकुलनाथ भी दिल्ली गए थे। इससे उनके भाजपा में शामिल होने की अटकलें तेज हो गईं। हालांकि, इसे लेकर चर्चा कई दिन से चल रही थी। दिल्ली में भाजपा में जाने के सवाल पर कमलनाथ ने मीडिया से कहा कि 'जब कोई बात होगी, तब बताऊंगा। जो चल रहा है उससे एक्साइटेड नहीं हूं।' कमलनाथ ने अपने बयान में भाजपा में जाने से न तो इनकार किया और न ही इकरार। इससे सस्पेंस और गहरा गया है।
भाजपा में शामिल होने की संभावनाओं को क्यों मिला बल?
- सूत्रों के अनुसार कमलनाथ और उनके सांसद बेटे नकुल नाथ छिंदवाड़ा में अपने समर्थक नेताओं के साथ भाजपा में जाने को लेकर चर्चा कर चुके हैं।
- छिंदवाड़ा सांसद नकुल नाथ के सोशल मीडिया अकाउंट एक्स (X) पर बायो से कांग्रेस हट गया है, कहें उन्होंने हटा दिया है। इसके अलावा दोनों नेताओं के कई समर्थक भी ऐसा कर चुके हैं।
- कमलनाथ लंबे समय से कांग्रेस के कार्यक्रमों में नहीं दिख रहे हैं। हाल ही में कांग्रेस से राज्यसभा के उम्मीदवार अशोक सिंह के नामांकन के दौरान भी वह मौजूद नहीं थे।
- बीते दिनों कमलनाथ ने पीएम नरेंद्र मोदी से मिलने के लिए समय भी मांगा था।