भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय अल्प प्रवास पर ग्वालियर पहुंचे।
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा नेता कैलाश विजयवर्गीय अल्प प्रवास पर ग्वालियर पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोला। उनका कहना है कि कांग्रेस जनाधार खो चुकी है।
कैलाश ने सबसे पहले ज्ञानवापी मुद्दे पर अपनी बात रखी। कहा कि देश को आजाद हुए 70 वर्ष हो गए। देश की जनता को पहली बार ऐसा विश्वास हो रहा है कि कोई ऐसी सरकार आई है, जो हमारी बात सुनेगी। ये जनता की आवाज है। आक्रांताओं ने एक नहीं, हमारे कई मंदिरों पर हमला किया है। अभी तक जो सरकारें थीं, वो ऐसी थीं जो सिर्फ एक विशेष वर्ग के समर्थन में खड़ी होती थी। पर अब लोगों को लगा है कि हमारी बात सुनी जा रही है, इसलिए ऐसा वातावरण बना है। मेरा मानना है कि इसको ये समझना चाहिए आजादी के बाद पहली बार जनता का स्वाभिमान जागा है।
कांग्रेस के मुद्दे भटकाने के आरोप पर विजयवर्गीय ने कहा कि कांग्रेस अपने मुद्दे उठाए, उसे किसने रोका है। दरअसल कांग्रेस के साथ जनता नहीं है। कांग्रेस अपना जनाधार खो बैठी है और इसलिए अब कांग्रेस कुंठित है। विजयवर्गीय ने मप्र में ओबीसी के आरक्षण मामले में कहा कि ओबीसी की वास्तविक लड़ाई शिवराज जी के नेतृत्व में भाजपा ने लड़ी है। सुप्रीम कोर्ट तक गए, वहां से ओबीसी के पक्ष में फैसला हुआ है। इसे बड़ी जीत मानना चाहिए, वरना कमलनाथजी ने तो ओबीसी वर्ग के साथ बड़ा विश्वासघात किया था।
जयपुर की बैठक के दौरान बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा द्वारा विधायकों और सांसदों को संदेश दिया है कि कुर्सी से चिपकने का लक्ष्य ने बनाएं इस बयान को लेकर कैलाश विजयवर्गीय ने कहा यह सामान्य बात है। सांसद और विधायक भी संगठन की भी चिंता करें और जनता की भी चिंता करें, यह उन्होंने आग्रह किया है।