बिहार में रविवार को हुई दो पत्रकारों की मौत के बाद सोमवार को मध्यप्रदेश के भिंड में एक पत्रकार की हत्या का मामला सामने आया है। पत्रकार का नाम संदीप शर्मा है, जिन्हें ट्रक से कुचलकर मार दिया गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है जिसमें एक ट्रक उन्हें कुचलते हुए दिख रहा है। शर्मा लगातार रेत माफिया के बारे में लिखा करते थे और वह पुलिस व रेत माफिया के गठजोड़ वाले स्टिंग को सामने लाने के बाद चर्चा में आए थे। उन्होंने पुलिस के पास अपनी जान को खतरा होने की शिकायत दर्ज कराई थी। माना जा रहा है कि बदला लेने के लिए उनकी हत्या की गई है।
संदीप शर्मा ने भिंड जिले के अटेर जिले में तत्कालीन एसडीओपी इंद्रवीर भदौरिया पर स्टिंग किया था। वह एक न्यूज चैनल के लिए काम करते थे। घटना का जो सीसीटीवी फुटेज आया है उसमें दिख रहा है कि कैसे गलत साइड जाकर ट्रक ड्राइवर ने बाइक सवार पत्रकार को कुचला और फिर तेजी से वहां से भाग निकला। उन्हें तुरंत इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
रेत माफिया और पुलिस की साठगांठ वाले स्टिंग के बाद से ही संदीप को अपनी जान का खतरा था। वैसे यह पहली बार नहीं है जब रेत माफिया ने इस तरह की घटना को अंजाम दिया हो। इससे पहले भी वह राज्य के कई अधिकारियों पर हमले में शामिल रह चुका है।
संदीप शर्मा की मौत की जांच करने के लिए एसपी प्रशांत खरे ने एसआईटी गठित की है। इस टीम में डीएसपी राकेश छारी, टीआई मेहगांव नरेंद्र त्रिपाठी, टीआई कोतवाली शैलेन्द्र कुशवाह, एसआई आशुतोष शर्मा, एएसआई सत्यवीर सिंह और साइबर सेल के अधिकारी शामिल हैं। एसआईटी अपनी जांच करके एसपी को रिपोर्ट सौंपेगी।