जोबट विधानसभा में कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ युवती ने धमकाने का केस दर्ज करवाया है।(सांकेतिक फोटो)
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश में हो रहे उपचुनावों में अलग अलग घटनाक्रम सामने आ रहे हैं। नेताओं के बीच जुबानी जंग चल रही है और आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो रहा है, तो अब पुलिस तक भी बात पहुंचने लगी है। जोबट विधानसभा में ऐसा ही कुछ हुआ है जहां कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ युवती ने धमकाने का केस दर्ज करवाया है। इधर प्रत्याशी ने कलेक्टर-एसपी की शिकायत निर्वाचन आयोग से की है।
दरअसल दुष्कर्म पीडि़ता ने यह केस दर्ज करवाया है। पीडि़ता का कहना है कि उसके साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया था जिसका प्रकरण चल रहा है। युवक का नाम आकाश रावत है जो कांग्रेस नेता महेश पटेल का करीबी बताया जाता है। आरोप है कि शादी का झांसा देकर आकाश ने युवती से दुष्कर्म किया। युवती की रिपोर्ट पर पुलिस ने आकाश के खिलाफ केस दर्ज किया था। आकाश जमानत पर है। पिछले दिनों युवती प्रकरण के सिलसिले मे जोबट आई थी। उसका आरोप है कि वहां पर आकाश ने उसे धमकी दी कि केस के मामले में बार-बार मत आया कर वरना जान से मार दूंगा। पीछे से महेश पटेल ने भी धमकाया। डर के मारे चुप रही लेकिन अब रिपोर्ट कर रही हूं। इस पर पुलिस ने महेश पटेल और आकाश के खिलाफ आईपीसी 506-34 के तहत केस दर्ज किया।
कांग्रेस की मांग-कलेक्टर-एसपी को हटाया जाए
इधर कांग्रेस ने जोबट विधानसभा क्षेत्रांतर्गत आलीराजपुर के कलेक्टर-एसपी की शिकायत निर्वाचन आयोग से की है। कांग्रेस महामंत्री जेपी धनोपिया ने पत्र लिखा है कि कलेक्टर मनोज पुष्प व एसपी मनोज कुमार सिंह भाजपा को लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से काम कर रहे हैं। कांग्रेस नेताओं पर झूठे प्रकरण दर्ज किए जा रहे हैं। दोनों को हटाने की मांग की गई है।