सीएम चौहान की इस तरह की यह तीसरी यात्रा है, जो उज्जैन से शुरू होने जा रही है। वे हर बार महाकाल से आशीर्वाद लेकर यात्रा शुरू करते हैं। सीएम इस बार सभी 230 विधानसभा सीटों तक पहुंचने की कोशिश में हैं, क्योंकि पिछली बार वे 206 विधानसभा सीटों तक ही पहुंच पाए थे। इसलिए इस बार मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान हेलीकॉप्टर का भी सहारा लेंगे।
यात्रा के लिए करीब ढाई करोड़ रुपए की लागत से दो स्पेशल गाड़ियां तैयार की गई हैं। इस रथ में वाईफाई, मोबाइल फोन चार्जर, टीवी स्क्रीन, फ्रीज, एसी, वॉशरूम के साथ ही एक विशेष लिफ्ट लगाई गई है, जिसके जरिए सीएम नीचे उतरकर लोगों से मिलेंगे। सीएम सीधे हेलीकॉप्टर से यात्रा क्षेत्र पर जाएंगे और यहां से रथ में सवार होकर लोगों के बीच पहुंचेंगे।
रथ में एक सर्वसुविधा युक्त पैंट्री भी है। 10 सीट वाले इस रथ में रात में रंग-बिरंगी लाइटें भी जलेंगीं। यात्रा के लिए तैयार किए गए रथ को वर्ल्ड फेमस कार डिजाइनर दिलीप छाबड़िया ने डिजाइन किया है।
सभा व जन आशीर्वाद यात्रा को लेकर पुलिस ने ट्रैफिक प्लान जारी किया है। आज डेढ़ बजे महाकाल में दर्शन के बाद 3 बजे नानाखेड़ा स्टेडियम में सभा होगी। इस दौरान महाकाल घाटी-हरिफाटक रोड़ से लेकर महामृत्युंजय द्वार तक बड़े वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। सभा में शामिल होने के लिए इंदौर से आने वाली बसों की सवारियों को मित्र नगर पर उतारा जाएगा। शहर के लोगों को नानाखेड़ा बस स्टैंड से ही इंदौर की बसें मिलेंगी।
जन आर्शीवाद यात्रा को लेकर कांग्रेस नेता कमलनाथ ने महाकाल के नाम लिखी चिट्ठी
विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश में दोनों पार्टियां भाजपा और कांग्रेस तेजी से सक्रिय हो रही हैं। सूबे के मुखिया शिवराज सिंह चौहान आज से जन आशीर्वाद यात्रा निकाल रहे हैं तो कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने महाकाल के नाम चिट्ठी लिखी है। चिट्ठी लेकर कमलनाथ खुद नहीं गए हैं, कार्यकर्ताओं ने मंदिर में जाकर पुजारी को सौंप दिया है।
कमलनाथ ने इस चिट्ठी में शिवराज सरकार पर आरोप लगाए हैं और उन्होंने भगवान से प्रार्थना की है कि वो प्रदेश को बचा लें। बता दें कि पांच पहले 2013 में भी शिवराज सिंह ने महाकाल मंदिर से ही अपना प्रचार अभियान शुरू किया था। कांग्रेस ने इन पांच सालों में सरकार के अधूरे वादों की इस चिट्ठी के जरिए महाकाल को जानकारी दी।