जबलपुर जिले के कुंडम थाना अंतर्गत मोहनी तिराहा पर एक तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। कुंडम थाना पुलिस के अनुसार, चौरई कला निवासी पारत सिंह कुलस्ते हाई स्कूल हरदुली में शिक्षक के पद पर पदस्थ हैं। उन्होंने नया मकान चौरई कला में बनाया है, जबकि पुराना मकान चौरई में स्थित है। उनका बेटा अमन कुलस्ते (21) अपने दोस्तों किस्सू सिंह (19) और अजय मार्को (19) के साथ शुक्रवार रात लगभग 8 बजे मोटरसाइकिल से नए मकान से पुराने मकान जा रहा था।
ये भी पढ़ें:
व्रत का बहाना, पति की हत्या के बाद सोनम ने खाया लजीज खाना, जेल में मिल रहा यह सब; हालत कैसी
इस दौरान जबलपुर की ओर से आ रही एम्बुलेंस (क्रमांक CG 15 DT 5070) के चालक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में तीनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। उन्हें उपचार के लिए कुंडम अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद अमन को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल किस्सू और अजय को जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान रात लगभग 12:15 बजे किस्सू सिंह ने भी दम तोड़ दिया। तीसरे युवक अजय की हालत भी नाजुक बनी हुई है । पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।