बालाघाट और जबलपुर में दो अलग अलग सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गयी, जबकि एक युवक घायल हो गया। जबलपुर के बरेला थानान्तर्गत घटित घटना के बाद ग्रामीणों ने कंटेनर में तोड़फोड कर ड्राईवर तथा कंडेक्टर के साथ मारपीट की।
कंटेनर की टक्कर से युवक की मौत
बरेला पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार पहाड़ीखेड़ा ग्राम निवासी शंभू पटेल (उम्र 30 साल) शनिवार की सुबह काम पर जाने के लिए घर से निकला था। मनेरी की तरफ से आ रहे कंटेनर की चपेट में आने के कारण उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गयी। घटना के बाद ग्रामीणों ने कंटेनर में तोड़फोड़ करते हुए ड्राईवर व कंडेक्टर के साथ मारपीट की। घटना की जानकारी मिलने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण सड़क पर एकत्र हो गए। जिसके चलते यातायात बाधित हो गया था। पुलिस ने सूचना मिलने पर घटनास्थल में पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश देकर सड़क से अलग करवाया। घायल ड्राईवर कंडेक्टर को उपचार के लिए भेजा, वबीं शवों को पोस्ट मार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।
बालाघाट में ऑटो की टक्कर से युवक की मौत
बालाघाट के लामता पुलिस थानान्तर्गत शुक्रवार रात लगभग नौ बजे रात में मोटरसाइकिल सवार पोंडी निवासी मनीष (20) एवं वेद ठाकरे को ऑटो ने टक्कर मार दी। इस घटना में वेद ठाकरे की मौत हो गयी तथा मनीष घायल हो गया। पुलिस ने सूचना मिलने पर ऑटो चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।