प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल यानी रविवार को जबलपुर में भाजपा प्रत्याशी आशीष दुबे के समर्थन में रोड शो करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो को मद्देनजर प्रशासन ने सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की है। एक घंटे की रोड शो के दौरान सुरक्षा की कमान 20 आईपीएस अधिकारी तथा तीन हजार जवान संभालेंगे।
बता दें कि प्रधानमंत्री का रोड शो शाम छह बजे सरदार भगत सिंह चौक से प्रारंभ होगा। रोड शो 1.2 किलोमीटर लंबा होगा और छोटी लाइन फाटक में समाप्त होगा। प्रधानमंत्री के रोड शो के लिए एक घंटा का समय निर्धारित किया गया है। रोड शो के सुरक्षा व व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किये गये हैं। सड़क पर हर पांच मीटर की दूरी पर एलईडी बल्ब लगाये गये हैं। इसके अलावा पुरानी बिल्डिंग को कपड़ों से ढक दिया गया है। रूट के दोनों तरफ बैरिकेडिंग लगाई गई है। बैरिकेट के अंदर सुरक्षा तथा बाहर जनता रहेगी।
प्रधानमंत्री का काफिला जिस मार्ग से निकलेगा, उसे नो फ्लाइंग जोन घोषित किया गया है। इसके अलावा 15 किलोमीटर की परिधि में ड्रोन उड़ाना भी प्रतिबंधित है। प्रधानमंत्री की सुरक्षा में 20 आईपीएस अधिकारी तथा 3000 जवान लगाये गये हैं। भाजपा भी प्रधानमंत्री के आगमन तथा रोड-शो के प्रति उत्साहित हैं। भाजपा के नेता रोड-शो में शामिल होने के लिए लोगों को पीले चावल देकर आमंत्रित कर रहे हैं।