मध्य प्रदेश के पाटन थाना क्षेत्र के ग्राम टिमरी में पंचायत चुनाव की रंजिश और जुआ खिलाने का विरोध करने पर दो सगे भाइयों सहित चार युवकों की हत्या कर दी गई। लिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जिनमें से दो जबलपुर और सात पचमढ़ी से पकड़े गए।
पाटन थानान्तर्गत ग्राम टिमरी में जुआ खिलावाने का विरोध करने पर दो सगे भाइयों सहित चार युवकों की हत्या कर दी गई। इसके अलावा दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गये। सामूहिक नरसंहार की घटना को अंजाम देने वाले 9 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने दो आरोपियों को जबलपुर से तथा सात आरोपियों को पचमढ़ी से गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय ने बताया कि दोनों पक्षों में पंचायत चुनाव के दौरान से रंजिश चल रही थी। दोनों पक्ष अलग-अलग प्रत्याशियों का समर्थन कर रहे थे। इसके अलावा जुआ खिलाने की बात पर भी दोनों पक्षों में विवाद हुआ था। सोमवार की सुबह लगभग दस बजे टिमरी तिराहा स्थित चाय की दुकान में चंदन उर्फ सतीश पाठक का मनोज साहू से विवाद हो गया था। विवाद की जानकारी मिलने पर दोनों पक्षों के लोग एकत्र हो गये थे।
हथियार से लैस होकर आये पप्पू उदर्ज नारायण साहू, चंदू उर्फ चंद्रभान साहू, दिनेश उर्फ दिन्नू साहू, मनोज साहू, सर्वेष साहू, विवेक साहू, अमित साहू, प्रदीप साहू तथा संदीप नामदेव ने दूसरे पक्ष पर धारदार हथियार तथा लाठियों से हमला कर दिया था। इस घटना में पाठक परिवार के सगे भाई सतीश पाठक उर्फ चंदन उम्र 35 साल,मनीष पाठक तथा रिश्तेदार दुबे परिवार के अनिकेत उम्र 26 साल व समीर उम्र 19 की मौत हो गयी थी। इसके अलावा विपिन व मुकेश दुबे गंभीर रूप से घायल हो गये थे। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
कड़ी सुरक्षा में हुआ अंतिम संस्कार
घटना के बाद से ग्राम टिमरी में तनाव का माहौल बना हुआ है। घटना के बाद से गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया था। सभी मृतकों का मंगलवार को पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में अंतिम संस्कार किया गया।