जबलपुर में पेशे से एमआर युवक ने पत्नी व बेटे सहित फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार ने यह आत्मघाती कदम किन कारणों से उठाया, यह स्पस्ष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने शवों को पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। चर्चाओं के अनुसार कर्ज से परेशान होकर उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया है।
पुलिस के अनुसार गोरखपुर थाना इलाके के रामपुर छापर में रहने वाला रवि वर्मन (40) पेशे से एमआर (मेडिकल रिप्रजेंटेटिव) था। वह अपनी पत्नी पूनम वर्मन (35) तथा 11 वर्षीय बेटे आर्यन के साथ रहता था। परिवार के सदस्यों को शनिवार रात पड़ोसियों ने देखा था। रविवार की दोपहर सूचना मिली कि घर के अंदर परिवार के तीनों सदस्यों के शव फांसी के फंदे पर झूल रहे हैं।
सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल में पहुंचकर दरवाजा तोड़कर शवों को फंदे से उतारा। शवों को पंचनामा कार्यवाही के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइट नोट बरामद नहीं हुआ है। परिवार ने यह आत्मघाती कदम किन कारणों से उठाया यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण को विवेचना में ले लिया है। चर्चाओं के अनुसार कर्ज के कारण वर्मन परिवार ने यह आत्मघाती कदम उठाया है।