जबलपुर के सब पोस्ट मास्टर ने उप डाकघर में खुले खातों तथा बचत खातों से 65 लाख रुपये से अधिक रकम का गबन किया। गबन का मामला प्रकाश में आने पर एक साल पहले सब पोस्ट मास्टर को निलंबित कर उसके खिलाफ विभागीय जांच प्रारंभ कर दी गई थी।
बता दें कि सब पोस्ट मास्टर द्वारा गबन की राशि नहीं लौटाने पर मामले की शिकायत सीबीआई से की गई थी। सीबीआई ने आरोपी पोस्ट मास्टर के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
जबलपुर संभाग के प्रबल अधीक्षक डाकघर आशीष कुमार श्रीवास्तव की तरफ से सीबीआई को लिखित शिकायत में बताया गया था कि मोतीनाला उपडाक घर में बलवान शाह मरावी 11 सिंतबर 2020 से नौ अप्रैल 2022 तक उप पोस्ट मास्टर के पद पर पदस्थ थे। इस दौरान वित्त कार्य तथा खातों के लेन-देन का कार्य उनके द्वारा संचालित किया जाता था।
इस दौरान उन्होंने खातों में जमा करने की राशि प्राप्त करने के लिए पासबुक में एंट्री की, परंतु राशि जमा नहीं की। इस प्रकार उन्होंने 161 खातों में जमा लगभग 41 लाख रुपये की एंट्री सिर्फ पासबुक में की और राशि का स्वयं उपयोग किया। इसके अलावा 20 बचत खातों में जमा लगभग 24 लाख रुपये फर्जी हस्ताक्षर से उनके द्वारा निकाले गए।
गबन का मामला प्रकाश में आने के बाद उन्हें 10 मई 2022 को निलंबित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय जांच के आदेश जारी किए गए थे। एक साल बाद भी गबन की गई राशि नहीं लौटाने के कारण सीबीआई में शिकायत दर्ज की गई थी। सीबीआई ने आरोपी के खिलाफ धारा-420, 409, 467 और 477 तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।