फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

MP News: बिल जांचने पर भड़का शख्स, बिजली कर्मचारी को तीन कुत्तों से कटवाया; बंदूक दिखाकर दी धमकी

Fri, 14 Aug 2026 03:26 PM IST
ग्वालियर ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, ग्वालियर

सार

ग्वालियर के इंदिरा नगर में बिजली बिल की जांच करने पहुंचे एक निजी बिजली कर्मचारी के साथ मारपीट और बंधक बनाकर कुत्तों से हमला कराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि वीरू तोमर ने रवींद्र सिंह राजावत को घर के कमरे में बंद कर अपने तीन पालतू कुत्तों से कटवाया।
विज्ञापन
(प्रतीकात्मक फोटो) - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के विधानसभा क्षेत्र में बिजली बिल की जांच करने पहुंचे एक निजी बिजली कर्मचारी के साथ मारपीट और बर्बरता का मामला सामने आया है। आरोप है कि इंदिरा नगर में एक व्यक्ति ने बिजली कर्मचारी को बंधक बनाकर अपने तीन पालतू कुत्तों से कटवाया। कुत्तों के हमले में कर्मचारी के शरीर पर 17 जगह घाव हो गए। आरोपी ने बिजली बिल जांचने वाली मशीन भी तोड़ दी और बंदूक दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित की शिकायत पर हजीरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।

बिजली बिल जांचने के दौरान शुरू हुआ विवाद

मामला 13 अगस्त की शाम करीब 4:30 बजे का बताया जा रहा है। शताब्दीपुरम निवासी 40 वर्षीय रवींद्र सिंह राजावत हजीरा जोन में बिजली विभाग के लिए काम करते हैं। वह अपने साथी आदित्य भदौरिया के साथ इंदिरा नगर में बिजली बिलों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान आरोपी वीरू तोमर स्कूटी से वहां पहुंचा और कर्मचारियों से गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ने पर वीरू तोमर ने आदित्य भदौरिया के हाथ से बिल जांचने वाली मशीन छीन ली। आरोप है कि उसने मशीन से बैटरी, सिम और रील निकालकर फेंक दी और फिर मशीन को सड़क पर पटककर तोड़ दिया।

मशीन तोड़ने के बाद घर ले गया आरोपी

आरोप है कि मशीन तोड़ने के बाद वीरू तोमर अपने घर के अंदर चला गया और वहां से अपने तीन पालतू कुत्तों को बाहर निकाल दिया। कुत्तों के हमले से बचने के लिए आदित्य भदौरिया वहां से भाग गए, लेकिन रवींद्र राजावत आरोपी के पास ही फंस गए।

विज्ञापन

आरोपी रवींद्र को घसीटकर अपने घर के अंदर ले गया और एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद उसने तीनों पालतू कुत्तों को उन पर छोड़ दिया। कुत्तों ने रवींद्र के दोनों हाथ, जांघ और बाएं पैर की पिंडली समेत शरीर के अलग-अलग हिस्सों में 17 जगह काट लिया। आरोप है कि आरोपी ने डंडे से रवींद्र के सिर पर भी हमला किया।

बंदूक दिखाकर दी जान से मारने की धमकी

रवींद्र के साथी आदित्य ने परिचितों को फोन कर मौके पर बुलाया। लोगों के वहां पहुंचने के बाद आरोपी घर से बंदूक लेकर बाहर आया और कर्मचारियों को धमकाने लगा। पीड़ित के अनुसार, आरोपी ने खुद को इलाके का डॉन बताया और दोबारा बिजली बिल की जांच करने आने पर जान से खत्म करने की धमकी दी।
पीड़ित का आरोप है कि पास में रहने वाली ऊर्जा मंत्री की बहन ने मौके पर पहुंचकर रवींद्र को बचाया।

पुलिस ने दर्ज किया केस, आरोपी की तलाश

हजीरा थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। इसके साथ ही आरोपी के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है।

विज्ञापन

घटना ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर के विधानसभा क्षेत्र में होने के कारण मामला चर्चा में है। पुलिस अब पूरे घटनाक्रम की जांच के साथ आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों और घटना में इस्तेमाल किए गए हथियार की भी जानकारी जुटा रही है।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें