सेना में अग्निवीर बनने के लिए युवक ने अपने दस्तावेजों में फर्जीवाड़ा किया। अग्निवीर बनने के बाद बैंक अकाउंट संबंधी प्रकिया के दौरान युवक का फर्जीवाड़ा सैन्य अधिकारियों के सामने आया। इस संबंध में सैन्य मुख्यालय को सूचना देते हुए आरोपी युवक को बर्खास्त कर दिया गया। आरोपी युवक के खिलाफ दस्तावेज के साथ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है।
ये भी पढ़ें-
रीवा में पुरानी रंजिश बनी खूनी संघर्ष की वजह, युवक पर चाकू से हमला, हालत नाजुक
गोरखपुर थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार दानापुर में सेना भर्ती कार्यालय में दिसंबर 2024 में अग्निवीर भर्ती के लिए रैली का आयोजन किया था। जिसमें पप्पू कुमार साहू पिता ओम प्रकाश साहू ने आशीष पिता ललित मोहर सिंह के नाम के दस्तावेज पेश किए। जिनके आधार पर उसका सिलेक्शन अग्निवीर योजना के तहत सेना में हो गया। उसे 30 अप्रैल को ग्रेनेडियर्स रेजिमेंट सेंटर जबलपुर में ट्रेनिंग के लिए भेजा गया था। उसे बैच संख्या आवंटित करते हुए एक मई से उसकी ट्रेनिंग भी शुरू कर दी गई। आयुष्मान बने पप्पू का बैंक अकाउंट खोले जाने की प्रक्रिया सेंटर में शुरू हुई। सेना में जमा किए गए आधार कार्ड में उसका नाम आयुष्मान आशीष था, लेकिन जब उसकी जांच की गई, तो वह पप्पू कुमार के नाम से मिला। यह भी पता चला कि आधार कार्ड में नाम बदलने के साथ ही पप्पू ने पिता का नाम और जन्मतिथि भी बदली है। यही फर्जी दस्तावेज उसने भर्ती प्रक्रिया के दौरान भी जमा किए थे। इसकी सूचना सेन्टर ने अलग-अलग सेना के मुख्यालयों और ट्रेनिंग सेन्टर में दी, तो पप्पू के इस फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ। इसके बाद उसे सेना से बर्खास्त करते हुए उसके खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई है। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।