शराब दुकान के सामने ठेला लगाने वाला युवक सड़क किनारे खड़े होकर पेशाब कर रहा था। क्षेत्र में रहने वाले युवक ने इसका विरोध किया तो ठेला संचालक व उसके चार अन्य साथियों ने मारपीट करते हुए उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आरोपी युवकों की तलाश प्रारंभ कर दी है। क्षेत्रीय लोगों ने शराब दुकान हटाने की मांग करते हुए युवक का शव रखकर प्रदर्शन किया।
ये भी पढ़ें-
दुराचार पीड़िता नाबालिग को मिली गर्भपात की अनुमति, 28 सप्ताह के गर्भ के कारण मामला था कोर्ट में
गोहलपुर थाना प्रभारी प्रतीक्षा मार्को से प्राप्त जानकारी के अनुसार स्मार्ट सिटी बिल्डिंग के पीछे चंडाल भाट निवासी सागर चौधरी उम्र 27 साल कृषि उपज मंडी में पल्लेदारी करता था। वह मंगलवार की रात लगभग 10-30 बजे स्मार्ट सिटी ऑफिस के सामने अपने दोस्त विशाल चौधरी और नितिन चौधरी के साथ रोड किनारे बैठे था। रोड के उस पार स्थित नगर निगम मार्केट में शराब दुकान के सामने ठेला लगाने वाला युवक सार्वजनिक स्थल पर पेशाब कर रहा था। सड़क किनारे इस तरह खुले में पेशाब करने का युवक ने विरोध किया। विरोध करने के कारण भीमा उर्फ भीम सेन, प्रिंस रजक, सुमित उर्फ सुम्मी बसोर, राधे और सचिन ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट प्रारंभ कर दी और चाकू के हमला कर दिया। चाकू के प्रहार से युवक को सीने व जांघ में चोट आई थी। दिल में चाकू लगने के कारण युवक को गंभीर हालत में उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती किया गया था। उपचार के दौरान बुधवार दोपहर युवक की मौत हो गई।
पुलिस ने आरोपी युवकों के खिलाफ हत्या का प्रकरण दर्ज करते हुए शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। आरोपी युवकों की गिरफ्तारी नहीं हो पाई है तथा उनके संभावित ठिकानों में दबिश जारी है।
ये भी पढ़ें-
अस्पताल में भर्ती युवक की संदिग्ध हालत में मौत, लोगों ने उपचार न किए जाने के लगाए आरोप
शराब दुकान बंद किए जाने की मांग करते किया प्रदर्शन
अंतिम संस्कार के लिए ले जाते समय आक्रोशित क्षेत्रीय नागरिकों ने शराब दुकान के सामने लाश रखकर प्रदर्शन किया। क्षेत्रीय नागरिकों मांग कर रहे थे कि शराब दुकान के कारण क्षेत्र में आपराधिक वारदात घटित हो रही है। नगर निगम मार्केट में नियम विरुद्ध तरीके से दुकान का संचालन किया जा रहा है। रोड में खुलेआम लोग शराब पीते हैं और लोगों को परेशान करते हैं। आलम यह है कि महिला ने शाम ढलते ही सड़क से निकलना बंद कर दिया है। सड़क से महिला व अन्य लोग निकलते थे और क्षेत्रीय नागरिक होने के कारण उसने सार्वजनिक स्थल पर पेशाब करने से मना किया था। इसके बाद पर युवक की हत्या कर दी गई। अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद लोग अंतिम संस्कार के लिए शव को लेकर रवाना हुए।