मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में आज जबलपुर में दूसरा रीजनल इन्वेस्टर समिट होने जा रहा है। इस दौरान हजारों करोड़ रुपये के प्रस्ताव आने की उम्मीद है। इससे पहले उज्जैन में एक और दो मार्च को पहली रीजनल इन्वेस्टर समिट हुई थी, जिसमें करीब 90 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आए थे। मुंबई में उद्योगपतियों से चर्चा के दौरान भी प्रदेश में 73 हजार करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव मिले थे।
जारी रहेगा सिलसिला
बता दें कि उज्जैन के बाद जबलपुर में रीजनल इन्वेस्टर समिट हो रहा है। इसके बाद सितंबर में ग्वालियर, अक्टूबर में रीवा में भी इसी तरह के समिट प्रस्तावित है। सागर या दमोह में भी रीजनल समिट आयोजित होगा। 25 जुलाई को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव कोयंबटूर में उद्योगपतियों से चर्चा करेंगे। अगस्त में बेंगलुरू और सितंबर में दिल्ली में भी उनके अन्य उद्योगपतियों से मुलाकात के कार्यक्रम हैं। सितंबर में इंदौर में टेक्स्टाइल कॉन्क्लेव प्रस्तावित है।
छिंदवाड़ा को सौगात
जबलपुर में रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने छिंदवाड़ा में 15 यूनिट का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण और शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा के औद्योगिक विकास में कोई कमी नहीं रहेगी।