तलाशी के दौरान आरोपी की निशानदेही पर दो देसी पिस्टल, एक रिवॉल्वर, एक 12 बोर का कट्टा, एक 315 बोर का कट्टा, एक जंग लगा कट्टा, दो एयर गन, एक तलवार, एक बका और एक चाकू बरामद हुआ।
जबलपुर क्राइम ब्रांच की टीम ने जबलपुर की भूलन बस्ती में दबिश देकर 30 हजार रुपये के इनामी हत्यारे शेख आदिल को गिरफ्तार किया है। आरोपी दिसंबर, 2023 में कुख्यात गैंगस्टर अनिराज नायडू उर्फ अन्ना की हत्या के बाद से फरार चल रहा था और एक महीने से भूलन बस्ती के एक कमरे में छिपा हुआ था। पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अलमारी में छिपे 35 वर्षीय आदिल को पकड़ा। मौके से पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध हथियार, कारतूस, 23 मोबाइल और एक पासपोर्ट बरामद किया है।
विज्ञापन
अलमारी में छिपकर बैठा था इनामी आरोपी
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भूलन बस्ती स्थित एक कमरे में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं और वहां इनामी बदमाश हथियारों के साथ मौजूद है। इस पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। पुलिस की आहट मिलते ही आरोपी शेख आदिल कमरे में बनी अलमारी में छिप गया। पुलिस दल ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया और तलाशी के दौरान आदिल को अलमारी से बाहर निकालकर हिरासत में लिया। पकड़ते समय आरोपी के पास एक लोड पिस्टल भी मिली। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने सतर्क रहने के लिए कमरे के बाहर दो कुत्ते बांध रखे थे।
ठिकाने से मिला हथियारों और कारतूसों का जखीरा
तलाशी के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आयुष जाखड़ के अनुसार, आरोपी की निशानदेही पर दो देसी पिस्टल, एक रिवॉल्वर, एक 12 बोर का कट्टा, एक 315 बोर का कट्टा, एक जंग लगा कट्टा, दो एयर गन, एक तलवार, एक बका और एक चाकू बरामद हुआ। इसके अलावा नौ खाली मैगजीन, 50 जिंदा कारतूस और 68 चले हुए कारतूस भी मिले। कमरे से आरोपी के नाम का पासपोर्ट और अलग-अलग कंपनियों के 23 मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं। आरोपी हर दिन अपना मोबाइल और सिम बदलता था ताकि पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस न कर सके। बरामद पासपोर्ट से खुलासा हुआ है कि वह जल्द ही विदेश भागने की योजना बना रहा था।
वर्चस्व की जंग में की थी अनिराज की हत्या
पूछताछ के दौरान शेख आदिल ने स्वीकार किया कि उसने दिसंबर 2023 में वर्चस्व और आपसी रंजिश के कारण जेल में बंद गैंगस्टर सुयश उर्फ छोटू चौबे के कहने पर अनिराज नायडू की हत्या की थी। आदिल ने पिछले साल रतन यादव पर गोली चलाने वाले शूटरों को भी हथियार व कारतूस मुहैया कराए थे। जेल में बंद छोटू चौबे के पिता शेखर चौबे ने आदिल को भूलन बस्ती वाले कमरे में ठहराया था। पुलिस ने मामले में शेख आदिल, शेखर चौबे, सुयश उर्फ छोटू चौबे और बाबू सिंधी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आदिल के खिलाफ विभिन्न थानों में कई गंभीर मामले दर्ज हैं।