एमपी के जबलपुर में सोमवार को हुए बगदरी वाटरफाल हादसे में दो और शव बरामद किए गए। अभी तक कुल 11 शव निकाले जा चुके हैं। इस हादसे में एक बच्ची शबाना को बचा भी लिया गया था।
जबलपुर शहर का मलिक परिवार पिकनिक मनाने के लिये शहर से लगभग 50 किलोमीटर दूर पाटन इलाके के बगदरी जलप्रपात पहुंचा था।
अचानक बाढ़ का पानी आने के बाद जब परिवार के सदस्य जलप्रपात को पार कर लौटने लगे, उसी समय परिवार का एक सदस्य जलप्रपात से लगभग 300 फीट नीचे गिर गया।
परिवार के दूसरे सदस्य भी उसे बचाने के चक्कर में एक के बाद एक नीचे गिरते चले गये और बाढ़ के पानी में डूब गए।
राहत और बचाव दल ने नौ शव उसी दिन निकाल लिए थे जबकि दो शव शुक्रवार को निकाल लिए गए। प्रभारी मंत्री राज्य सरकार की ओर से पीड़ित परिजनों से मिलने उनके आवास पर पहुंचे।
उन्होंने अपनी संवेदना व्यक्त की और श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार की ओर से प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता के चेक भी दिए।