पति की शिकायत पर 21 लाख रुपये की चोरी की शिकायत पर एक महिला को पूछताछ के नाम पर तिलक नगर थाने में प्रताड़ित करने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। इस मामले में दो पुलिसकर्मी निलंबित हो चुके हैं। महिला के परिजनों का आरोप है कि पूछताछ के दौरान महिला से मारपीट करने के कारण उसके चाचा को सदमा लगा और गुरुवार को उनकी मौत हो गई। धार निवासी महिला रचना शर्मा के शरीर पर पूछताछ के दौरान पिटाई से चोट आ गई थी, जबकि उसे पुलिस ने गिरफ्तार भी नहीं किया था।
पति ने लगाया है 21 लाख की चोरी का आरोप
पिपलियाहाना क्षेत्र में निवासी रचना के पति सुनील शर्मा ने पत्नी और उसके भाई पर 21 लाख रुपये की चोरी का आरोप लगाया था और तिलक नगर थाने में केस दर्ज कराया था। महिला अपने मायके धार में रहती है। एक माह से कई बार रचना को पूछताछ के लिए थाने बुलाया जा रहा था।
पति से चल रहा है विवाद
परिजनों का आरोप है कि पारिवारिक विवाद होने के बावजूद पुलिसकर्मी उससे पूछताछ के दौरान मारपीट करते थे। रचना की पुलिस ने डंडों से भी पिटाई की थी। इससे रचना को घाव हो गया था। उसके कंधे पर भी चोट आई थी। महिला और उसके परिजनों ने शारीरिक प्रताड़ना देने की शिकायत पुलिस अधिकारियों से की थी। रचना का अपने पति सुनील शर्मा से विवाद चल रहा है। सुनील की बहन उज्जैन ईओडब्लू में पदस्थ है। बताते हैं कि उसने ही तिलक नगर थाने के पुलिसकर्मियों पर पूछताछ के लिए दबाव बनाया था।
चोरी का झूठा आरोप लगाया : रचना शर्मा
रचना का कहना है कि उस पर चोरी का झूठा आरोप लगाया गया है। पूछताछ के नाम पर शारीरिक प्रताड़ना दी गई। इससे कंधे की हड्डी टूट गई। इस प्रताड़ना से मेरे परिजन भी दुखी थे और सदमे से मेरे चाचा की मौत हो गई।