महू मेें युवती की मौत के बाद उपद्रव हुआ।
- फोटो : अमर उजाला, इंदौर
महू में जिस युवती की मौत को लेकर हंगामा मचा है। उसके बारे में नया मोड़ आ गया है। युवती खरगोन के एक गांव में रहती है और वह परिवार वालों को धामनोद में रहकर पढ़ाई करने का बोलकर घर से निकली थी, लेकिन युवती एक युवक से शादी कर धामनोद के बजाए गवली पलासिया में रह रही थी। जब उसकी मौत की खबर परिजनों को पता चली तो वे आश्चर्य में पड़ गए,क्योकि उन्हें लग रहा था कि युवती धामनोद में रह रही है। महू के समीप गवली पलासिया में रहने वाली युवती की करंट लगने से मौत हो गई,लेकिन आदिवासी समाज के कुछ नेताओं का कहना है कि उसके साथ रेप हुआ है और युवक उसे बहला कर गवली पलासिया लेकर आया था।
युवक ने दिलाया था कमरा
आरोपी युवक यदुनंद पाटीदार ने ही युवती को गांव में कमरा दिलाकर रखा था और कभी-कभी उसके साथ रहने आता था, लेकिन आरोपी युवक युवती के मौत के बाद थाने में शादी के दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। युवती के परिजनों को भी शादी के बारे में कुछ नहीं पता था। अब पुलिस यह जांच करने में जुटी है कि युवक ने वाकई शादी की थी या झूठ बोल रहा है।
मजिस्ट्रियल जांच शुरू
युवती की मौत के बाद हुए उपद्रव के दौरान पुलिस की फायरिंग से एक मजदूर की मौत हो गई। इस घटना को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गंभीरता से लिया है। उनके निर्देश पर मजिस्ट्रियल जांच प्रशासन ने शुरू कर दी है। अपर कलेक्टर अजय देव शर्मा को जांच की जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें १५ दिन में जांच पूर्ण कर रिपोर्ट कलेक्टर को सौंपना है।
महू में है बड़ा आदिवासी वोटबैंक
महू विधानसभा क्षेत्र में आदिवासी वोटबैंक भी तगड़ी दखल रखता है। तीन सालों में यह जयस ने कई प्रदर्शन किए और सरकार को घेरने की कोशिश की। युवती की मौत के मामले में भी राजनीति गरमा रही है।